मिर्जापुर से संजय निषाद ने बढ़ाई NDA की टेंशन! ज्यादा सीटों की मांग के साथ जल्द उम्मीदवार उतारने का ऐलान
यूपी चुनाव 2027 से पहले एनडीए में सीटों को लेकर खींचतान तेज हो गई है. संजय निषाद ने बीजेपी से ज्यादा सीटें मांगते हुए एक हफ्ते में उम्मीदवार उतारने के संकेत दिए हैं. अतरौलिया सीट पर किसकी दावेदारी भारी पड़ेगी?
ADVERTISEMENT

निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री संजय निषाद देर रात मिर्जापुर पहुंचे. यहां उन्होंने विंध्याचल स्थित अष्टभुजा गेस्ट हाउस में कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और रैली की तैयारियों का जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने एक हफ्ते के भीतर अपने उम्मीदवार उतारने का संकेत देते हुए बीजेपी से ज्यादा सीटों की मांग की, जिससे एनडीए के भीतर सीटों के बंटवारे को लेकर नई हलचल तेज हो गई है. साथ ही उन्होंने आजम खान के बयानों पर भी तीखी प्रतिक्रिया दी.
एक हफ्ते में उम्मीदवार उतारने और ज्यादा सीटों की मांग
संजय निषाद ने कहा कि वह एक हफ्ते बाद अपने उम्मीदवार उतारने पर विचार कर रहे हैं. उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि वाराणसी में एमएलसी चुनाव के लिए 15 दिन पहले उम्मीदवार उतारा गया था और हार मिली थी. इसलिए इस बार पहले से उम्मीदवार उतारकर जीत सुनिश्चित करना चाहते हैं.
उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी के पास पहले 16 सीटें थीं और अब उन्होंने कुछ हारी हुई निषाद बाहुल्य सीटें भी मांगी हैं. संजय निषाद के अनुसार, बीजेपी गठबंधन में बड़े भाई की भूमिका में है. लेकिन उनकी इच्छा है कि हर मंडल में निषाद पार्टी को चुनाव लड़ने का मौका मिले और यदि बीजेपी को लगे कि किसी सीट पर उम्मीदवार बदलना है तो जीत के लिहाज से जो उपयुक्त हो, वह दिया जाए.
एनडीए के भीतर बढ़ता सियासी समीकरण और टकराव की आहट
मिर्जापुर और आसपास के विंध्य इलाके को केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल और अपना दल (एस) का मजबूत प्रभाव क्षेत्र माना जाता है. 2022 के विधानसभा चुनाव में मिर्जापुर की पांच सीटों में से चार पर बीजेपी और एक पर अपना दल (एस) ने जीत दर्ज की थी. ऐसे में संजय निषाद का इस क्षेत्र में निषाद-कश्यप बाहुल्य सीटों पर दावेदारी जताने का संकेत एनडीए के भीतर सीट तालमेल को चुनौतीपूर्ण बना सकता है.
अतरौलिया सीट पर खींचतान
गठबंधन के भीतर सीटों को लेकर सबसे स्पष्ट दावेदारी आजमगढ़ की अतरौलिया सीट पर दिख रही है. एक ओर सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर अपने बेटे अरुण राजभर को यहां से चुनाव लड़ाने की बात कह चुके हैं. वहीं दूसरी ओर संजय निषाद भी इस सीट पर दावा छोड़ने को तैयार नहीं हैं और 2022 में निषाद पार्टी के उम्मीदवार प्रशांत सिंह के प्रदर्शन का हवाला दे रहे हैं. इससे संकेत मिलता है कि सहयोगी दल चुनाव से पहले ही अपनी सियासी जमीन मजबूत करने में जुट गए हैं.
आजम खान के बयान पर संजय निषाद का पलटवार
मिर्जापुर दौरे के दौरान मीडिया से बात करते हुए संजय निषाद ने आजम खान के चुनाव में 'इंकलाब' और जेल में मिलने वाले खाने को लेकर दिए बयानों पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि आजम खान उन्मादी हैं और जब उनकी सरकार थी, तब जेल में कौन से विशेष व्यंजन या 56 भोग दिए जाते थे. उनके मुताबिक, जेल में नियमों और मैनुअल के हिसाब से ही भोजन दिया जाता है.
