लेटेस्ट न्यूज़

पति की मौत के बाद प्रेमी के साथ रह रही थी बहू, गुस्से में ससुर ने युवक की कर दी हत्या

बांदा में प्रेम संबंध को लेकर खूनी वारदात ने पूरे गांव में सनसनी फैला दी. विधवा बहू के प्रेमी की ससुर और बेटों ने मिलकर हत्या कर दी, जबकि महिला जिंदगी और मौत से जूझ रही है. वारदात के बाद आरोपी फरार हैं.

ADVERTISEMENT

Banda News
Banda News
social share
Google CTA

उत्तर प्रदेश के बांदा जिले से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है. बिसंडा थाना क्षेत्र के चौसड गांव में एक ससुर ने अपने बेटों के साथ मिलकर अपनी विधवा बहू के प्रेमी की धारदार हथियार से हत्या कर दी. इस जानलेवा हमले में बहू भी गंभीर रूप से घायल हो गई जिसे नाजुक हालत में मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है. वारदात को अंजाम देने के बाद से आरोपी फरार हैं जिनकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है.

पति की मौत के बाद गांव के ही युवक के साथ रह रही थी महिला

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, चौसड गांव की रहने वाली महिला विद्या के पति की करीब एक साल पहले मौत हो गई थी. पति के निधन के बाद से महिला गांव के ही रहने वाले राम मनोहर के साथ रह रही थी. इस रिश्ते को लेकर महिला के ससुराल वाले नाराज थे और ससुर ने पहले भी कई बार इस पर आपत्ति जताते हुए दोनों को मना किया था.

आपत्तिजनक हालत में देखने के बाद भड़का विवाद

बताया जा रहा है कि ससुर ने अपनी बहू और राम मनोहर को एक साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच तीखा वाद-विवाद शुरू हो गया. देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि गुस्से में ससुर ने अपने अन्य बेटों के साथ मिलकर धारदार हथियार से दोनों पर ताबड़तोड़ हमला बोल दिया. हमला इतना घातक था कि राम मनोहर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.जबकि महिला विद्या लहूलुहान होकर गंभीर रूप से घायल हो गई.

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

गांव में खूनी संघर्ष की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. घायल महिला को तत्काल सीएचसी ले जाया गया जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया. वहीं पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

बांदा के डिप्टी एसपी अमरनाथ गुप्ता ने बताया कि थाना बिसंडा के चौसड गांव में दो पक्षों के बीच मारपीट की सूचना मिली थी.मौके पर पहुंचने पर पता चला कि पारिवारिक विवाद में सांगी से किए गए हमले में राम मनोहर की मौके पर ही मौत हो गई है और विद्या नाम की महिला गंभीर रूप से घायल है. पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है.
 

ये भी पढ़ें: मिर्जापुर से संजय निषाद ने बढ़ाई NDA की टेंशन! ज्यादा सीटों की मांग के साथ जल्द उम्मीदवार उतारने का ऐलान