लेटेस्ट न्यूज़

यूपी में पेंशनधारकों के लिए बड़ी खबर! योगी सरकार पेंशन ₹1,000 से बढ़ाकर ₹1,500 करने की तैयारी में, जानें कब से मिलेंगे पैसे

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले योगी सरकार बुजुर्गों, निराश्रित महिलाओं और दिव्यांगजनों को मिलने वाली मासिक पेंशन बढ़ाने की तैयारी कर रही है. प्रस्ताव के मुताबिक इन तीनों श्रेणियों के लाभार्थियों को अभी मिल रहे 1,000 रुपये की जगह हर महीने 1,500 रुपये दिए जा सकते हैं.

ADVERTISEMENT

UP Pension Hike News
UP Pension Hike News
social share
Google CTA

UP Pension Hike News: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले योगी सरकार बुजुर्गों, निराश्रित महिलाओं और दिव्यांगजनों को मिलने वाली मासिक पेंशन बढ़ाने की तैयारी कर रही है. प्रस्ताव के मुताबिक इन तीनों श्रेणियों के लाभार्थियों को अभी मिल रहे 1,000 रुपये की जगह हर महीने 1,500 रुपये दिए जा सकते हैं. अगर इस प्रस्ताव को मंजूरी मिल जाती है, तो प्रदेश के 1.21 करोड़ से अधिक लोगों को इसका लाभ मिलने की उम्मीद है. इससे लाभार्थियों को सालाना 6,000 रुपये अतिरिक्त मिल सकते हैं.

तीन पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों को मिलेगा फायदा

प्रस्तावित पेंशन वृद्धि का लाभ प्रदेश की तीन प्रमुख सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लाभार्थियों को मिल सकता है. इनमें वृद्धावस्था पेंशन योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना और दिव्यांगजन पेंशन योजना शामिल हैं. उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत 67 लाख से अधिक लोग लाभ ले रहे हैं. वहीं, निराश्रित महिला पेंशन योजना के लाभार्थियों की संख्या 42 लाख से अधिक है. दिव्यांगजन पेंशन योजना के तहत 12 लाख से ज्यादा लोगों को पेंशन मिलती है.

सालाना 6,000 रुपये की बढ़ोतरी का प्रस्ताव

फिलहाल इन योजनाओं के तहत पात्र लाभार्थियों को हर महीने 1,000 रुपये पेंशन दी जाती है. इसे बढ़ाकर 1,500 रुपये प्रतिमाह करने की तैयारी है. ऐसा होने पर किसी लाभार्थी को एक साल में कुल 18,000 रुपये मिलेंगे, जबकि अभी सालाना पेंशन की राशि 12,000 रुपये है. इस तरह प्रत्येक लाभार्थी को सालभर में 6,000 रुपये अतिरिक्त मिल सकते हैं.

यह भी पढ़ें- यूपी में इन परिवारों को साल में मिलेंगे 2 मुफ्त LPG सिलेंडर, योगी कैबिनेट के फैसले ने लोगों को कर दिया खुश!

 

500 से बढ़ाकर 1,000 रुपये हुई थी पेंशन

उत्तर प्रदेश में साल 2017 के बाद सरकार ने इन पेंशन योजनाओं के तहत मिलने वाली राशि को 500 रुपये से बढ़ाकर 1,000 रुपये प्रतिमाह किया था. अब एक बार फिर पेंशन बढ़ाने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है. सरकार की ओर से इस प्रस्ताव को सैद्धांतिक सहमति मिलने की बात कही गई है. हालांकि, बढ़ी हुई पेंशन का लाभ कब से मिलेगा, यह प्रस्ताव को अंतिम मंजूरी मिलने के बाद ही स्पष्ट होगा.

जल्द कैबिनेट में रखा जा सकता है प्रस्ताव

पेंशन राशि बढ़ाने से जुड़े प्रस्ताव को जल्द ही कैबिनेट के सामने रखा जा सकता है. इसके लिए बजट में धनराशि की व्यवस्था भी जरूरी होगी. इसी क्रम में दिसंबर में संभावित दूसरे अनुपूरक बजट के दौरान पेंशन वृद्धि के लिए राशि का प्रावधान किए जाने की तैयारी है. यदि प्रस्ताव को मंजूरी मिल जाती है, तो चालू वित्तीय वर्ष की तीसरी तिमाही से लाभार्थियों को बढ़ी हुई पेंशन मिलना शुरू हो सकती है.

चुनाव से पहले बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांगजनों पर फोकस

विधानसभा चुनाव से पहले योगी सरकार बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांगजनों से जुड़ी योजनाओं पर ध्यान दे रही है. पेंशन बढ़ाने का प्रस्ताव इसी दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है. इससे पहले सरकार ने रसोइयों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का मानदेय बढ़ाने का आदेश जारी किया था. इसके अलावा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अगले छह महीने में एक लाख युवाओं को नियुक्ति पत्र देने की घोषणा भी की है.

पेंशन बढ़ाने का प्रस्ताव लागू होने पर लाखों बुजुर्गों, निराश्रित महिलाओं और दिव्यांगजनों को आर्थिक सहायता मिलेगी. फिलहाल लाभार्थियों को बढ़ी हुई राशि का इंतजार करना होगा. अंतिम फैसला कैबिनेट की मंजूरी और बजट में धनराशि के प्रावधान के बाद ही होगा.

यह भी पढ़ें- जेवर एयरपोर्ट अब भाजपा के इस बड़े नेता के नाम से जाना जाएगा, योगी कैबिनेट ने दी मंजूरी