यूपी में इन परिवारों को साल में मिलेंगे 2 मुफ्त LPG सिलेंडर, योगी कैबिनेट के फैसले ने लोगों को कर दिया खुश!
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को वित्तीय वर्ष 2026-27 में दो मुफ्त एलपीजी सिलेंडर रिफिल देने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है. पहला रिफिल अक्टूबर से दिसंबर 2026 और दूसरा जनवरी से मार्च 2027 के बीच मिलेगा.
ADVERTISEMENT

उत्तर प्रदेश में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन लेने वाली महिलाओं के लिए नया और खुश कर देना वाला अपडेट आया है. योगी सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में लाभार्थियों को दो मुफ्त एलपीजी सिलेंडर रिफिल देने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है. पात्र परिवारों को दो बार गैस सिलेंडर भरवाने का लाभ मिलेगा. इस योजना पर राज्य सरकार 2,142.78 करोड़ रुपये खर्च करेगी.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में शुक्रवार, 9 अक्टूबर को हुई कैबिनेट बैठक में फैसला लिया गया. सरकार ने मुफ्त सिलेंडर देने के लिए दो चरण तय किए हैं. हालांकि, इस सुविधा का लाभ लेने के लिए कुछ जरूरी शर्तें भी रखी गई हैं.
कब मिलेंगे दो मुफ्त गैस सिलेंडर?
राज्य सरकार के मुताबिक, उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को वित्तीय वर्ष 2026-27 में दो चरणों में मुफ्त एलपीजी सिलेंडर रिफिल की सुविधा मिलेगी.
- पहला चरण: अक्टूबर से दिसंबर 2026 के बीच.
- दूसरा चरण: जनवरी से मार्च 2027 के बीच.
इस तरह लाभार्थियों को चालू वित्तीय वर्ष के दौरान दो बार सिलेंडर रिफिल कराने का लाभ दिया जाएगा. पहले के वित्तीय वर्षों में भी सरकार इसी तरह की व्यवस्था कर चुकी है. उस दौरान लाभार्थियों को होली और दिवाली के आसपास मुफ्त सिलेंडर रिफिल की सुविधा दी गई थी.
किन लोगों को मिलेगा मुफ्त सिलेंडर का लाभ?
सुविधा उत्तर प्रदेश में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों के लिए है, . लेकिन केवल उज्ज्वला योजना का कनेक्शन होना ही पर्याप्त नहीं होगा. लाभ लेने के लिए कुछ शर्तें पूरी करना जरूरी है.
सरकार के अनुसार, लाभार्थी का बैंक खाता आधार से लिंक होना चाहिए. साथ ही, आधार प्रमाणीकरण की प्रक्रिया भी पूरी होनी चाहिए. जिन लाभार्थियों का बैंक खाता आधार से लिंक नहीं है या आधार प्रमाणीकरण पूरा नहीं हुआ है, वे इन शर्तों को पूरा किए बिना मुफ्त रिफिल का लाभ नहीं ले सकेंगे.
सरकार ने क्यों लिया फैसला?
योगी सरकार का कहना है कि इस योजना का उद्देश्य लोगों को स्वच्छ ईंधन के इस्तेमाल के लिए प्रोत्साहित करना है. लकड़ी, उपले और दूसरे पारंपरिक ईंधन से खाना पकाने पर निकलने वाला धुआं महिलाओं और बच्चों की सेहत को नुकसान पहुंचा सकता है. इसका पर्यावरण पर भी बुरा असर पड़ता है.
मुफ्त सिलेंडर रिफिल की सुविधा से उज्ज्वला लाभार्थियों को एलपीजी का इस्तेमाल जारी रखने में मदद मिलने की उम्मीद है. सरकार इस योजना पर 2,142.78 करोड़ रुपये खर्च करेगी.
क्या है प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना?
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना केंद्र सरकार की योजना है. इसकी शुरुआत वर्ष 2016 में हुई थी. इसका मकसद गरीब परिवारों की वयस्क महिलाओं को बिना जमा राशि के एलपीजी कनेक्शन उपलब्ध कराना था, ताकि उन्हें खाना पकाने के लिए लकड़ी, कोयले और उपलों जैसे पारंपरिक ईंधन पर निर्भर न रहना पड़े.
अब उत्तर प्रदेश सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए उज्ज्वला लाभार्थियों को दो मुफ्त सिलेंडर रिफिल देने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है. इसका लाभ उन्हीं पात्र लोगों को मिलेगा, जो आधार से बैंक खाता लिंक होने और आधार प्रमाणीकरण की शर्तें पूरी करते हैं.
ये भी पढ़ें- उत्तर प्रदेश में मोटे अनाज पर बढ़ाई गई MSP, मक्का-ज्वार-बाजरा को नए दरों पर 31 दिसंबर तक खरीदेगी सरकार
