लेटेस्ट न्यूज़

यूपी में 100000 लोगों को मिलने वाली है सरकारी नौकरी! सीएम योगी ने क्या नई घोषणा कर दी?

उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा ऐलान किया है. उन्होंने कहा कि अगले छह महीनों में प्रदेश में 1 लाख युवाओं को सरकारी नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे.

ADVERTISEMENT

social share
Google CTA
1

1/7

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कहा कि राज्य सरकार अगले छह महीनों में एक लाख युवाओं को सरकारी नियुक्ति पत्र देने जा रही है. उन्होंने कहा कि अलग-अलग चरणों में नियुक्ति प्रक्रिया पूरी की जाएगी.
 

2

2/7

लखनऊ में नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि 2017 से अब तक उनकी सरकार 9.30 लाख से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरी दे चुकी है. उनके मुताबिक, भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी और बिना भेदभाव के की गई है और इसमें मेरिट के साथ आरक्षण नियमों का भी पालन किया गया है.
 

3

3/7

इस दौरान मुख्यमंत्री ने 3,446 तकनीकी सहायकों और 126 मंडी सचिवों को नियुक्ति पत्र दिए. कार्यक्रम में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही और कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख भी मौजूद रहे. योगी ने कहा कि भर्ती परीक्षाएं पूरी हो चुकी हैं और अब परिणाम जारी करने की प्रक्रिया चल रही है. उन्होंने आयोगों और भर्ती बोर्डों से प्रक्रिया में लगने वाला समय कम करने को कहा.
 

4

4/7

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि किसी भी भर्ती में आवेदन से लेकर नियुक्ति तक युवाओं को अनावश्यक इंतजार न करना पड़े. उन्होंने कहा कि भर्ती की मांग मिलने के एक महीने के भीतर विज्ञापन जारी होना चाहिए और इसके बाद परीक्षा और परिणाम की प्रक्रिया भी तय समय में पूरी की जानी चाहिए.
 

5

5/7

सीएम योगी ने अपने संबोधन में पिछली सरकार पर भी निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि 2017 से पहले भर्ती प्रक्रिया में युवाओं को परेशान होना पड़ता था और परीक्षाओं के परिणाम समय पर नहीं आते थे. उन्होंने पिछली व्यवस्था में भ्रष्टाचार और नकल माफिया के आरोप लगाए और कहा कि उनकी सरकार ने भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के साथ नकल पर भी सख्ती की है.
 

6

6/7

योगी आदित्यनाथ ने शिक्षा और बोर्ड परीक्षाओं का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि अब यूपी बोर्ड की परीक्षाएं 14 दिनों में कराई जाती हैं और इसके अगले 14 दिनों में परिणाम जारी करने का प्रयास किया जाता है. उनके मुताबिक करीब 56 लाख छात्र बोर्ड परीक्षाओं में शामिल होते हैं. उन्होंने कहा कि पहले परीक्षा प्रक्रिया में करीब छह महीने लगते थे, जिसे अब घटाकर करीब एक महीने किया गया है.
 

7

7/7

मुख्यमंत्री ने कहा कि 9.30 लाख से ज्यादा सरकारी नियुक्तियों ने प्रदेश के युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर दिया है. उन्होंने दावा किया कि अब युवाओं को बिना लेन-देन और बिना सिफारिश के नियुक्ति पत्र मिल रहे हैं.