शादी के बाद भी गर्लफ्रेंड को अपने घर में साथ रखता था सत्यपाल, बीवी को पता चलते ही हो गया बड़ा कांड
हरदोई में पत्नी को प्रेमिका के साथ रहने का विरोध भारी पड़ा. सत्यपाल पर पत्नी को अस्पताल से बहाने से ले जाकर जंगल में हत्या करने का आरोप है. पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी को चार घंटे में गिरफ्तार कर लिया.
ADVERTISEMENT

1/9
एक पति, एक पत्नी और दोनों की तरफ से लगे बेवफाई के संगीन आरोप. एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर का शक और फिर एक ऐसा खूनी अंजाम जिसने चार मासूम बच्चों के सिर से उनकी मां का साया हमेशा-हमेशा के लिए छीन लिया. उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले से सामने आई यह सनसनीखेज वारदात किसी क्राइम थ्रिलर फिल्म की पटकथा से कम नहीं है.

2/9
अस्पताल से बेहतर इलाज के बहाने पत्नी को साथ ले जाना, फिर सुनसान जंगल में ले जाकर बेरहमी से पीटना और फिर गला दबाकर हत्या कर देना. इस दिल दहला देने वाले कांड की परतें जब पुलिस ने खोलीं, तो हर कोई दंग रह गया.

3/9
इस पूरी कहानी में सबसे चौंकाने वाला पहलू पारिवारिक रिश्तों का ताना-बाना है. आरोपी सत्यपाल, राजेश और सत्य प्रकाश तीनों सगे भाई हैं. वहीं मृतका कोमल (36 वर्ष), ललिता और खुशबू तीनों सगी बहनें हैं. यानी तीनों भाइयों की शादी तीनों सगी बहनों से हुई थी.

4/9
कोमल और सत्यपाल के चार बच्चे हैं. तीन बच्चे पिता के साथ रहते थे जबकि सबसे छोटा बेटा मां कोमल के साथ संडीला में रहता था. परिजनों का आरोप है कि सत्यपाल के किसी दूसरी महिला से अवैध संबंध थे और वह उसे घर में रखता था.

5/9
कोमल इसका विरोध करती थी, इसलिए वह पति को छोड़कर संडीला की एक प्लाईवुड फैक्ट्री में नौकरी करने लगी. वहीं पूछताछ में आरोपी सत्यपाल ने दावा किया कि संडीला रहने के दौरान कोमल के भी किसी अन्य व्यक्ति से संबंध हो गए थे जिसके शक में वह आगबबूला था.

6/9
14 अगस्त को कोमल अपने छोटे बेटे के साथ बच्चों से मिलने मंगोलापुर आई थी. लालपालपुर चौराहे पर उसका सामना सत्यपाल से हो गया. दोनों के बीच बहस इतनी बढ़ी कि सत्यपाल ने बीच सड़क पर ही कोमल की पिटाई कर दी. राहगीरों ने बीच-बचाव कर घायल कोमल को सौश्या संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया.

7/9
अस्पताल में इलाज के दौरान सत्यपाल अपने भाई सत्य प्रकाश के साथ वहां पहुंचा. उसने मीठी बातों में फंसाकर भरोसा दिलाया कि वह उसे बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल ले जा रहा है. पति के झांसे में आकर कोमल अस्पताल से बाहर निकल गई. सत्यपाल उसे मंगोलापुर के सुनसान जंगल में ले गया. वहां उसने कोमल को बेरहमी से पीटा और फिर उसी के दुपट्टे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और शव फेंककर फरार हो गया.

8/9
15 अगस्त 2026 को जंगल में महिला का शव मिलने से हड़कंप मच गया. पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि हुई और मृतका के शरीर पर मारपीट के 14 गंभीर चोटों के निशान मिले.

9/9
मृतका की बहन ललिता के शक पर पुलिस ने जांच शुरू की. जब अस्पताल के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई तो उसमें सत्यपाल ही कोमल को अपने साथ ले जाता हुआ साफ नजर आया. इस अहम सुराग के आधार पर पुलिस ने महज 4 घंटे के भीतर सत्यपाल को गिरफ्तार कर लिया. कड़ाई से पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया.
