सपा के घोषणापत्र को मायावती ने बताया 'धनमनवादी', बोलीं- 'पार्टी पर जातिवादी द्वेष और दंगायुक्त प्रदेश बनाने के धब्बे'

सुषमा पांडेय

• 02:10 PM • 27 Nov 2026

बसपा सुप्रीमो मायावती ने अखिलेश यादव के 'जन-मन का मेनिफेस्टो' और पीडीए प्रणपत्र पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने सपा के घोषणापत्र को 'धनमनवादी' बताते हुए राज्यसभा टिकट बंटवारे, आरक्षण और पिछली सरकार के कार्यकाल पर सवाल उठाए हैं.

Google CTA

उत्तर प्रदेश की राजनीति में समाजवादी पार्टी के चुनावी घोषणापत्र 'जन-मन का मेनिफेस्टो' के वादों की गूंज अभी थमी भी नहीं थी कि बसपा सुप्रीमो मायावती ने इस पर तीखा हमला बोल दिया है. 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले अखिलेश यादव द्वारा जारी किए गए 'पीडीए प्रणपत्र' को मायावती ने कोरा हवाहवाई और 'धनमनवादी' करार दिया है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर सिलसिलेवार पोस्ट करते हुए मायावती ने सपा की नीतियों, राज्यसभा चुनाव में टिकट बंटवारे और पिछली सरकारों के कार्यकाल को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं. मायावती के इस आक्रामक रुख ने यूपी के आगामी चुनावी संग्राम को और भी दिलचस्प बना दिया है.

यह भी देखें...

पीडीए प्रणपत्र को बताया 'धनमनवादी' छलावा

मायावती ने 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए लिखा कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी द्वारा 'जन-मन का मेनिफेस्टो' के नाम से जारी किया गया यह प्रणपत्र इनके कथित पीडीए की तरह ही कोरा हवाहवाई और 'थोथा चना बाजे घना' की कहावत को चरितार्थ करने वाला है. उन्होंने आरोप लगाया कि सपा का स्वभाव जगजाहिर तौर पर गरीबों, दलितों, पिछड़ों और मुस्लिमों के वास्तविक हित, कल्याण, मान-सम्मान और सुरक्षा के खिलाफ रहा है. मायावती ने कहा कि यह पार्टी अधिकतर संकीर्ण, जातिवादी और धनसेठ समर्थक रही है. इसका ताजा उदाहरण हाल ही में यूपी से राज्यसभा के लिए हुए द्विवार्षिक चुनाव में देखने को मिला, जहां सपा ने पीडीए को बढ़ावा देने के बजाय एक बड़े धन्ना सेठ को प्राथमिकता दी. उन्होंने सवाल उठाया कि ऐसी नीतियों से प्रदेश की गरीबी, बेरोजगारी, पिछड़ापन और पलायन की गंभीर समस्या कभी दूर हो पाएगी और खुद ही जवाब दिया कि ऐसा कभी नहीं होगा.

धनी व बाहुबली उतारने का आरोप

बसपा प्रमुख ने आगे कहा कि इन बातों से यह साबित होता है कि सपा का 'जन-मन' घोषणापत्र वास्तव में 'धनमनवादी' ज्यादा है. उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी समाज के अच्छे लोगों के बजाय ऐसे ही धनी और बाहुबलियों को चुनावी मैदान में उतारेगी, जिन्हें देश, समाज और जनहित की चिंता कम रहती है और जो अपने खुद के लाभ व स्वार्थ में ही डूबे रहते हैं. इसके उलट मायावती ने अपनी पार्टी की तारीफ करते हुए कहा कि 'हर हाथ को काम' और 'कानून का राज' विशुद्ध रूप से बसपा की नीति और सिद्धांत हैं. उन्होंने दावा किया कि यूपी में अब तक रही बसपा की चारों सरकारों ने सर्वसमाज और सर्वजन हितैषी एजेंडे पर पूरी ईमानदारी व निष्ठा से काम करके दिखाया है, जो सपा, कांग्रेस और भाजपा जैसी विरोधी पार्टियों के बस की बात नहीं है.

आरक्षण विरोधी रवैये की दिलाई याद

अपने पोस्ट में मायावती ने सपा सरकार के पुराने कार्यकाल की याद दिलाते हुए जनता को आगाह किया. उन्होंने लिखा कि सपा के दामन पर एससी, एसटी और ओबीसी आरक्षण विरोधी रवैये के साथ-साथ यूपी को जातिवादी द्वेष और दंगायुक्त प्रदेश बनाने के धब्बे लगे हैं, जिन्हें जनता भला कैसे भुला पाएगी. उन्होंने सपा के सभी वादों, दावों और घोषणाओं को चुनावी छल और छलावा बताते हुए लोगों से सावधान रहने की अपील की. अब 2027 की दहलीज पर खड़े उत्तर प्रदेश में एक तरफ सपा वादों और पीडीए के सहारे जमीन तलाश रही है, तो दूसरी तरफ भाजपा कानून व्यवस्था के नाम पर घेराबंदी कर रही है, वहीं बीच मैदान में मायावती के इस दांव ने सियासी समीकरणों को नए सिरे से गरमा दिया है.

यह भी पढ़ें: सपा के मैनिफेस्टो पर सीएम योगी का पहला रिएक्शन, 25 लाख नौकरी के वादे पर अखिलेश को घेरा