Dhanraj Nathwani: उत्तर प्रदेश में राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल के बीच समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार धनराज नथवानी का एक पोस्ट चर्चा में आ गया है. एक तरफ इंडिया ब्लॉक के नेता केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ सपा के राज्यसभा उम्मीदवार धनराज नथवानी ने पीएम मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने पर उनकी जमकर तारीफ की है. नथवानी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर नरेंद्र मोदी के 25 साल के राजनीतिक सफर को नेतृत्व, सेवा और राष्ट्रीय कर्तव्य से जोड़ते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं. उनके इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर अखिलेश यादव और सपा के फैसले को लेकर सवाल उठने लगे हैं.
ADVERTISEMENT
नथवानी ने पीएम मोदी की तारीफ की
धनराज नथवानी ने अपने पोस्ट में लिखा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व के 25 साल पूरे हुए हैं. उन्होंने कहा कि 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेने के बाद से नरेंद्र मोदी ने एक लंबा सफर तय किया है. नथवानी के मुताबिक, गुजरात की सेवा करने से लेकर प्रधानमंत्री के रूप में भारत का नेतृत्व करने तक उनका विश्वास, दृढ़ता और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण बना रहा.
उन्होंने आगे नरेंद्र मोदी को राष्ट्र की सेवा में निरंतर शक्ति और सफलता की शुभकामनाएं दीं. यह पोस्ट उस समय सामने आया, जब बीजेपी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के तौर पर 25 साल पूरे होने पर 'सेवा संकल्प' अभियान चला रही थी.
नथवानी को उम्मीदवार बनाने पर सवाल
धनराज नथवानी को अखिलेश यादव की ओर से राज्यसभा उम्मीदवार बनाए जाने के बाद से ही सवाल उठ रहे थे. चर्चा थी कि सपा ने अपने नेताओं को छोड़कर गुजरात के कारोबारी को उम्मीदवार क्यों बनाया. वहीं, राज्यसभा चुनाव से पहले मुस्लिम उम्मीदवार को लेकर भी चर्चा थी. सलीम शेरवानी के नाम की काफी चर्चा हुई थी और उन्होंने खुद मीडिया के सामने राज्यसभा जाने की इच्छा जाहिर की थी.
इसके बावजूद अखिलेश यादव ने रामगोपाल यादव के साथ धनराज नथवानी के नाम का ऐलान किया. दोनों ने एक ही दिन नामांकन दाखिल किया. नामांकन के दौरान अखिलेश यादव भी मौजूद रहे थे. इसके बाद अखिलेश यादव ने नथवानी की तारीफ की थी और नथवानी ने भी अखिलेश यादव का शुक्रिया अदा किया था. सपा की ओर से तीसरे उम्मीदवार के तौर पर किसी मुस्लिम नेता को नहीं उतारा गया.
कौन हैं धनराज नथवानी?
धनराज नथवानी, परिमल नथवानी के बेटे हैं. परिमल नथवानी इस साल कुछ महीने पहले हुए राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार को हराकर चौथी बार राज्यसभा सदस्य चुने गए थे. वह झारखंड से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर एनडीए समर्थित प्रत्याशी थे. उस चुनाव के दौरान गठबंधन में अंदरूनी कलह की चर्चाएं भी सामने आई थीं.
धनराज नथवानी अंबानी परिवार और रिलायंस ग्रुप से जुड़े रहे हैं. वह Reliance Industries Limited के ग्रुप प्रेसिडेंट और रिलायंस इंडस्ट्रीज की जामनगर मैन्युफैक्चरिंग यूनिट के हेड हैं. नवंबर 2022 से वह गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष भी हैं. अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ वाला उनका पोस्ट सामने आने के बाद सपा के राज्यसभा उम्मीदवार को लेकर राजनीतिक चर्चाएं और तेज हो गई हैं.
ADVERTISEMENT










