Akhilesh Yadav Detained News: नई दिल्ली में मंगलवार 6 को चुनाव आयोग और SIR के खिलाफ INDIA ब्लॉक के 140 से अधिक सांसदों का विरोध प्रदर्शन जारी है. विपक्षी सांसद संसद भवन से निर्वाचन सदन की ओर मार्च कर रहे थे, लेकिन दिल्ली पुलिस ने रास्ते में बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक दिया. इसी दौरान समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव, टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी और डेरेक ओ ब्रायन समेत कई प्रमुख नेताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया. पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है.
ADVERTISEMENT
अखिलेश यादव को बस में बैठाकर ले गई पुलिस
अखिलेश यादव को हिरासत में लेने के बाद पुलिस ने उन्हें बस में बैठाया. इस दौरान उन्होंने कहा, 'हमें CEC से मिलाने ले जाया जा रहा है. भाजपा ने कह दिया है बस जा सकती है चुनाव आयोग.' बाद में अखिलेश यादव ने कहा कि पुलिस उन्हें ज्ञानेश कुमार से मिलाने ले जा रही है. उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार व्यक्तिगत इस्तीफा देंगे, लेकिन ऐसा इस्तीफा नहीं चलेगा. अखिलेश ने कहा, 'यूपी में बेईमानी नहीं होने देंगे. हमारा बूथ प्रभारी इस वोट चोरी को रोकेगा.'
राहुल गांधी समेत कई नेता सड़क पर बैठे
प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी आकाशवाणी भवन के पास पुलिस बैरिकेड पर चढ़कर राष्ट्रीय ध्वज लहराते दिखे. उन्हें आकाशवाणी भवन के रास्ते निर्वाचन सदन जाने से रोका गया. इसके बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और डी. राजा समेत कई वरिष्ठ नेता सड़क पर ही धरने पर बैठ गए. वहीं, सपा सांसद जिया-उर-रहमान बर्क भी NITI Aayog के पास लगे बैरिकेड्स पर चढ़कर विरोध जताते दिखे.
प्रदर्शन के दौरान अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग पर जमकर हमला बोला. उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की. अखिलेश ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए उस पर वोट चोरी और बीजेपी के पक्ष में काम करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग निष्पक्ष नहीं है और संविधान के तहत काम नहीं कर रहा है.
बैरिकेडिंग के बाद बढ़ा विरोध
INDIA ब्लॉक के सांसदों का मार्च संसद भवन से निर्वाचन सदन की ओर बढ़ रहा था, लेकिन पुलिस ने उन्हें NITI Aayog के पास रोक दिया. इसके बाद विपक्षी सांसदों ने वहीं विरोध और धरना शुरू कर दिया. प्रदर्शन में प्रियंका गांधी वाड्रा और अन्य विपक्षी नेता भी शामिल रहे. पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए कई जगह बैरिकेडिंग की.
बंगाल और यूपी के चुनावों का भी किया जिक्र
अखिलेश यादव ने अपने विरोध के दौरान बंगाल और उत्तर प्रदेश के उपचुनावों का जिक्र करते हुए धांधली के आरोप लगाए. उन्होंने चुनाव आयोग की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग दोहराई. प्रदर्शन के बीच कई विपक्षी नेताओं की हिरासत के बाद मौके पर राजनीतिक हलचल और बढ़ गई है. खबर लिखे जाने तक इलाके में सुरक्षा बल तैनात हैं और पुलिस स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी है.
ADVERTISEMENT










