UP News: नई दिल्ली में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट में शुक्रवार को हुए हंगामे पर अब सियासत गरमा गई है. इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए प्रदर्शन पर बसपा सुप्रीमो मायावती ने कड़ी नाराजगी जताई है. मायावती ने इसे देश की छवि खराब करने वाला कृत्य बताते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है.
ADVERTISEMENT
मायावती ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, "नई दिल्ली में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट, जिसमें देश व विदेश के भी काफी प्रमुख लोग आमंत्रित थे तथा यह इवेन्ट अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खि़यों में था, इस दौरान जिन भी लोगों द्वारा अर्द्धनग्न होकर अपना रोष प्रकट किया है जिसमें अधिकतर कांग्रेसी युवा बताये जा रहे हैं, वह अति-अशोभनीय व निन्दनीय है. अगर यह सम्मेलन अन्तर्राष्ट्रीय स्तर का नहीं होता तो अलग बात थी, किन्तु समिट के दौरान ऐसा आचरण करना यह चिन्ता की बात है अर्थात अपने देश की गरिमा व इमेज को ना बिगाड़ा जाये तो यह उचित होगा."
कल एआई समिट में क्या हुआ था?
कांग्रेस की छात्र इकाई नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया के करीब 10 कार्यकर्ता शुक्रवार को इंडिया-AI इम्पैक्ट समिट का आयोजन स्थल भारत मंडपम में घुसे और अर्द्धनग्न होकर नारेबाजी की. प्रदर्शनकारियों के हाथ में जो टी-शर्ट्स थी उनपर 'PM is Compromised', 'India-US Trade Deal' और 'Epstein Files' जैसे नारे लिखे थे. इस घटना की वजह से कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. अंतरराष्ट्रीय डेलीगेट्स की मौजूदगी में हुए इस प्रदर्शन ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए और पुलिस को प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी.
दिल्ली पुलिस ने इस मामले में यूथ कांग्रेस के चार कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया और उन्हें शनिवार सुबह पटियाला हाउस कोर्ट में पेश कर पूछताछ के लिए 5 दिन की रिमांड मांगी. आरोपियों के वकील ने पुलिस के दावों का विरोध करते हुए कहा कि प्रदर्शन शांतिपूर्ण था और किसी पर हमला नहीं किया गया. उलटे, प्रदर्शनकारियों के साथ मारपीट की गई. मामले में पटियाला हाउस कोर्ट ने यूथ कांग्रेस के 4 कार्यकर्ताओं की जमानत नामंजूर करते हुए उन्हें 5 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है.
ADVERTISEMENT









