मंत्री स्वतंत्र देव का रास्ता रोकने वाले भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत चले जाएंगे सपा में? पिता ने दिया ये बड़ा बयान

UP News: विधायक बृजभूषण राजपूत के समर्थन में आए पिता गंगाचरण राजपूत. जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह पर लगाया अनुशासनहीनता का आरोप. कहा- 'बेटे ने जनता के लिए सच बोला, नोटिस मंत्री को भी मिलना चाहिए'.

Brijbhushan Rajput

नाहिद अंसारी

08 Feb 2026 (अपडेटेड: 08 Feb 2026, 09:57 AM)

follow google news

UP News: महोबा में जल जीवन मिशन की बदहाली पर यूपी के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह से लोहा लेने वाले चरखारी से भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत के समर्थन में अब उनके पिता और पूर्व सांसद गंगाचरण राजपूत उतर आए हैं. गंगाचरण राजपूत ने पार्टी की तरफ से बेटे को मिले नोटिस के बीच स्वतंत्र देव सिंह पर ही अनुशासनहीनता के गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके बेटे ने जो कहा वह जनता का दर्द था.

यह भी पढ़ें...

'विधायक को नोटिस मिला तो मंत्री को भी मिले'

बुंदेलखंड में पानी की पाइपलाइन बिछाने के नाम पर खुदी पड़ी सड़कें अब भाजपा के अंदरूनी कलह का कारण बन गई हैं.  चरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत द्वारा मंत्री का काफिला रोकने और सोशल मीडिया पर बयानबाजी के बाद शुरू हुआ विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है. विधायक को मिले स्पष्टीकरण नोटिस पर उनके पिता गंगाचरण राजपूत ने तीखा पलटवार किया है.  ​पूर्व सांसद गंगाचरण राजपूत ने सीधे जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर विधायक को नोटिस मिला है, तो मंत्री को भी नोटिस मिलना चाहिए.

'बेटा सत्य और पानी की लड़ाई लड़ रहा है'

उन्होंने सवाल उठाया कि जब संगठन ने मीडिया में बयानबाजी पर रोक लगाई थी, तो मंत्री ने विधायक का 'राजनीतिक करियर खराब होने' जैसी बात क्यों कही? उन्होंने इसे पार्टी संविधान का उल्लंघन बताया. ​गंगाचरण ने कहा कि उनका बेटा 'सत्य और पानी' की लड़ाई लड़ रहा है, जिसे कुछ लोग जानबूझकर जातिवाद का रंग दे रहे हैं. पूर्व सांसद गंगाचरण राजपूत ने तंज कसते हुए कहा कि 'मंत्रियों को अक्सर चापलूस घेर लेते हैं जो 'ऑल इज वेल' का नारा लगाकर हकीकत छुपाते हैं. बेटे ने तो सिर्फ मोदी जी की 20 हजार करोड़ की 'नमामि गंगे' परियोजना की जमीनी खामियों को उजागर किया था. ठेकेदारों और इंजीनियरों की लापरवाही के कारण गांव दलदल बन गए हैं और विधायक ने यही सच बोलने की हिम्मत दिखाई.'

बृजभूषण राजपूत चले जाएंगे सपा में?

​सपा में जाने की अटकलों को खारिज करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि बृजभूषण राजपूत हिंदुत्व की राजनीति करते हैं और वह भाजपा में ही रहेंगे. मुख्यमंत्री को घेरने के बयान पर उन्होंने इसे 'जुबान फिसलना' बताते हुए माफी मांगने की बात कही. गंगाचरण ने जोर देकर कहा कि सिर्फ गुड्डू भैया (बृजभूषण राजपूत) ही नहीं, बल्कि प्रदेश के कई अन्य विधायक भी इस योजना की बदहाली से परेशान हैं. उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि प्रधानों को डरा-धमकाकर कागज पर काम पूरा दिखा देने से हकीकत नहीं बदलती. अब देखना यह है कि पिता के इस कड़े रुख के बाद भाजपा का शीर्ष नेतृत्व इस मामले को कैसे शांत करता है. 

ये भी पढ़ें: 100 ग्राम प्रधानों के साथ मिल भाजपा MLA बृजभूषण राजपूत ने किया था मंत्री स्वतंत्र देव का घेराव, अब बढ़ गईं उनकी मुश्किलें!