SIR के बीच सपा कैसे चल रही अपना दांव, शोहरतगढ़ के इस सहायता केंद्र से समझ लीजिए

यूपी तक

• 06:03 PM • 04 Dec 2025

यूपी में होने वाले आगामी चुनावों के लिए सपा ने अपनी कमर कस ली है. सपा इन दिनों बूथ स्तर की रणनीति को धार दे रही है. इस बीच SIR को चुनावी तैयारी का आधार मानते हुए सपा के नेताओं ने SIR सहायता केंद्र खोल ये नया काम शुरू कर दिया है. खबर में देखें क्या है सपा का प्लान?

UP Political News

UP Political News

Google CTA

आगामी चुनावों की तैयारियों के बीच समाजवादी पार्टी (सपा) ने उत्तर प्रदेश में अपनी बूथ स्तर की रणनीति को धार देना शुरू कर दिया है. मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR) को चुनावी तैयारी का आधार मानते हुए पार्टी नेताओं ने शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र में SIR सहायता केंद्र खोलकर एक बड़ा दांव चला है. यह पहल सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर की जा रही है. सपा का लक्ष्य है कि मतदाताओं की समस्याओं का समाधान करना और यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र मतदाता सूची में शामिल होने से न छूटे. 

यह भी पढ़ें...

शोहरतगढ़ विधानसभा के जोगिया ब्लॉक में यह सहायता केंद्र सपा नेता और जोगिया प्रभारी मणेंद्र मिश्रा 'मशाल' के नेतृत्व में संचालित किए जा रहे हैं. ये केंद्र जोगिया ब्लॉक के अंतर्गत शोहरतगढ़ विधानसभा के विभिन्न बूथों पर संचालित हो रहे हैं. मणेंद्र मिश्रा 'मशाल' ने बताया कि कई बूथ जैसे डबरा और करौना ऐसे थे जहां गणना प्रपत्र (Enumeration Forms) का वितरण औसत से कम हुआ था. ऐसे संवेदनशील बूथों पर सपा कार्यकर्ताओं ने हस्तक्षेप किया है. 

यहां देखें वीडियो:

सपा कार्यकर्ताओं का यह सहायता केंद्र केवल फॉर्म भरने तक ही सीमित नहीं है, बल्कि यह मतदाताओं की छोटी से छोटी समस्या का समाधान कर रहा है ताकि मतदाता सूची में उनका नाम आसानी से शामिल हो सके. बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) के साथ समन्वय स्थापित करते हुए व्यापक स्तर पर नए और छूटे हुए मतदाताओं के फॉर्म भरवाए जा रहे हैं. 2003 की मतदाता सूची के अनुसार पुराने मतदाताओं की ईपीआईसी (EPIC) संख्या को खोजकर उन्हें बताया जा रहा है. जरूरतमंद मतदाताओं के लिए फोटो उपलब्ध करवाने की व्यवस्था की गई है. भरे गए फॉर्म की रिसीविंग सुनिश्चित करना भी इस केंद्र के कार्यों में शामिल है.

इन बूथों पर चला विशेष अभियान

समाजवादी पार्टी शिक्षक सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मणेंद्र मिश्रा 'मशाल' ने बताया कि सपा के सदस्य सभी मतदाताओं की समस्याओं के समाधान हेतु युद्ध स्तर पर सक्रिय हैं. अभी तक यह एसआईआर सहायता केंद्र प्रमुख रूप से निम्नलिखित बूथों पर संचालित हो चुके हैं- जोगीबारी, लखनपारा, बभनी, डबरा, जमुनी, पलिया टेकधर, जोगिया, पटखौली, जमहिरिया (सभी बूथ). इस केंद्र संचालन में जिला अध्यक्ष अल्पसंख्यक शकील शाह, जिला अध्यक्ष सैनिक प्रकोष्ठ गोपाल फौजी, अजय चौरसिया, दयानंद पांडेय, मंजूर खान, जावेद अख्तर, सूरज भास्कर, संदीप साहनी सहित अन्य प्रमुख कार्यकर्ता सहयोग कर रहे हैं.