'नारी का सम्मान सर्वोपरि है, चाहे किसान की बेटी हो या मजदूर की...' अदिति यादव पर की गई कथित अभद्र टिप्पणी के बाद पल्लवी पटेल ने तोड़ी चुप्पी!

Pallavi Patel News: अपना दल (कमेरावादी) की राष्ट्रीय महासचिव और सिराथू विधायक पल्लवी पटेल ने फतेहपुर दौरे के दौरान समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव की बेटी अदिति यादव पर की गई कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर गहरी नाराजगी जताई है.

Pallavi Patel

Pallavi Patel (File Photo)

नितेश श्रीवास्तव

12 Jun 2026 (अपडेटेड: 12 Jun 2026, 12:01 PM)

follow google news

Pallavi Patel Statement On BJP: अपना दल (कमेरावादी) की राष्ट्रीय महासचिव और सिराथू विधायक पल्लवी पटेल ने फतेहपुर दौरे के दौरान समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव की बेटी अदिति यादव पर की गई कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर गहरी नाराजगी जताई है. खागा तहसील क्षेत्र के मोहम्मदपुर गौरी गांव पहुंचीं पल्लवी पटेल ने कहा कि महिलाओं का सम्मान सबसे ऊपर होना चाहिए और इस मामले में दोषियों के खिलाफ पूरे प्रदेश में कार्रवाई की मांग उठनी चाहिए. इस दौरान उन्होंने भाजपा पर भी निशाना साधा और एसआईआर प्रक्रिया को लेकर बड़ा बयान दिया.

यह भी पढ़ें...

पल्लवी पटेल ने कहा, 'नारी का सम्मान सर्वोपरि है, चाहे किसान की बेटी हो या मजदूर की, सभी का सम्मान बराबर है.' उन्होंने अदिति यादव पर की गई कथित अभद्र टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी एक मजबूत राजनीतिक संगठन है और उसे इस मामले को केवल हमीरपुर तक सीमित नहीं रखना चाहिए. उन्होंने कहा, 'पूरे उत्तर प्रदेश में कार्रवाई की मांग की जानी चाहिए और इस मामले के जो भी दोषी हैं, उन्हें कड़ा सबक सिखाया जाना चाहिए.'

एसआईआर पर भाजपा को घेरा

एक सवाल के जवाब में सिराथू विधायक ने एसआईआर प्रक्रिया को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर हमला बोला. उन्होंने कहा, 'एसआईआर प्रक्रिया भारतीय जनता पार्टी के लिए एक हथियार के जैसी थी, लेकिन इससे सबसे ज्यादा नुकसान भाजपा को ही हुआ है.' पल्लवी पटेल ने दावा किया कि भाजपा जिस रणनीति के साथ आगे बढ़ी थी, उसका अपेक्षित लाभ उसे नहीं मिला और इसका राजनीतिक असर पार्टी को झेलना पड़ा.

गठबंधन पर राष्ट्रीय नेतृत्व करेगा फैसला

आगामी चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर पल्लवी पटेल ने कहा कि अपना दल (कमेरावादी) भी कांग्रेस, भाजपा और समाजवादी पार्टी की तरह एक राजनीतिक संगठन है और वह उसकी एक कार्यकर्ता हैं. उन्होंने कहा, 'पार्टी गठबंधन में चुनाव लड़ेगी या फिर अकेले मैदान में उतरेगी, इसका निर्णय राष्ट्रीय नेतृत्व निर्धारित करेगा.' उन्होंने साफ किया कि इस संबंध में अंतिम फैसला पार्टी नेतृत्व ही करेगा.

बंगाल और यूपी की राजनीति अलग

पल्लवी पटेल ने पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश की राजनीति की तुलना को भी खारिज किया. उन्होंने कहा, 'बंगाल के चुनाव और उत्तर प्रदेश के चुनाव में काफी अंतर है. वहां भाजपा की रणनीति क्या रही होगी, वह कोई मायने नहीं रखता. उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा सूबा है और यहां की राजनीति भी सबसे अलग है.' उन्होंने आगे कहा, 'भारतीय जनता पार्टी चाहे जितना झूठ का ढोल बजाए, लेकिन जो रिजल्ट अन्य जगह मिले हैं, वह उत्तर प्रदेश में मिलना मुश्किल है. वर्ष 2024 का चुनाव यह साबित कर चुका है कि भारतीय जनता पार्टी का यहां कोई काम नहीं करता.'