भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार, 17 अगस्त 2026 को संगठन में बड़ा फेरबदल किया है. भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने पार्टी के नए राष्ट्रीय पदाधिकारियों की नियुक्ति की है. इनमें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, राष्ट्रीय महामंत्री, राष्ट्रीय सचिव, मोर्चा अध्यक्ष समेत कई जिम्मेदारियां शामिल हैं.
ADVERTISEMENT
नई टीम में उत्तर प्रदेश से भी कई नेताओं को बड़ी जिम्मेदारियां मिली हैं. स्मृति ईरानी और हरिश द्विवेदी को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है, जबकि रेखा वर्मा और प्रो. तारिक मंसूर को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली है.
यूपी से इन नेताओं को मिली बड़ी जिम्मेदारी
भाजपा की नई सूची में स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है. इसके साथ ही हरिश द्विवेदी को भी राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी दी गई है. वहीं रेखा वर्मा और प्रो. तारिक मंसूर को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है. पार्टी संगठन में ये दोनों पद काफी अहम माने जाते हैं.
राष्ट्रीय सचिवों की सूची में भी उत्तर प्रदेश की मौजूदगी दिखाई दे रही है. डॉ. भोला सिंह और संगीता यादव को राष्ट्रीय सचिव बनाया गया है.
मोर्चों में भी यूपी का दबदबा
भाजपा ने अलग-अलग मोर्चों के अध्यक्षों की भी नियुक्ति की है. इनमें यूपी से अमरपाल मौर्य को OBC मोर्चा का अध्यक्ष बनाया गया है. वहीं कुंवर बासित अली को अल्पसंख्यक मोर्चा की जिम्मेदारी दी गई है.
कई राज्यों के नेताओं को भी अहम पद
भाजपा की नई सूची में राजस्थान की वसुंधरा राजे सिंधिया और उत्तराखंड के तीरथ सिंह रावत को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है. इसके अलावा राम माधव, बैजयंत जय पांडा, डी. पुरंदेश्वरी, वर्षाबेन नरेंद्रभाई दोशी, डॉ. भारती प्रवीण पवार, मनप्रीत सिंह बादल, लाल सिंह आर्य, प्रो. एम. नागराजा और मधुचंद्र कर समेत कई नेताओं को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है.
पार्टी ने बी.एल. संतोष को राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) और शिवप्रकाश तथा सौदान सिंह को राष्ट्रीय संयुक्त महामंत्री (संगठन) की जिम्मेदारी दी है.
पीयूष गोयल को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी
भाजपा ने केंद्रीय संगठन से जुड़ी अन्य जिम्मेदारियों का भी ऐलान किया है. पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बनाया गया है. वहीं तरुण चुघ को केंद्रीय कार्यालय प्रभारी और महेंद्र पांडे को केंद्रीय कार्यालय सचिव की जिम्मेदारी दी गई है. इसके अलावा डॉ. संबित पात्रा को नॉर्थ-ईस्ट जॉइंट कोऑर्डिनेटर और राजीव बाब्बर को ऑल सेल्स कोऑर्डिनेटर बनाया गया है.
मीडिया और सोशल मीडिया टीम में भी बदलाव
भाजपा ने मीडिया और सोशल मीडिया से जुड़ी जिम्मेदारियां भी तय कर दी हैं. अनिल बलूनी को मीडिया कन्वीनर बनाया गया है. वहीं आशीष उषा अग्रवाल, प्रदीप भंडारी और सिद्धार्थ यादव को मीडिया को-कन्वीनर बनाया गया है.
सोशल मीडिया की जिम्मेदारी दीपक म्हास्के को सोशल मीडिया कन्वीनर के तौर पर दी गई है. उनके साथ प्रीति गांधी, शिवानंद द्विवेदी, आलोक भट्ट और अरुण यादव को को-कन्वीनर बनाया गया है.
ADVERTISEMENT











