Uttar Pradesh News : लोकसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी शनिवार को पहली लिस्ट का एलान कर दिया है. पार्टी ने पहली लिस्ट में 195 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया है. उत्तर प्रदेश से 51 उम्मीदवारों को टिकट दिया गया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार तीसरी बार वाराणसी सीट से चुनाव लड़ेंगे. इसके अलावा राजनाथ सिंह का लखनऊ से टिकट बरकरार रखा गया है. मथुरा से हेमा मालिनी, लखीमपुर खीरी से अजय मिश्रा टेनी, अमेठी से स्मृति इरानी को भी टिकट दिया गया है. वहीं भाजपा के इस लिस्ट पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने बड़ा बयान दिया है.
ADVERTISEMENT
अखिलेश ने कही ये बात
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट X पर पोस्ट कर लिखा कि, 'भाजपा की लोकसभा उम्मीदवारों की पहली सूची बता रही है कि ‘प्रथम दृष्टया’ जिन सीटों पर भाजपा के जीतने की थोड़ी सी भी संभावना है केवल उन 195 सीटों पर ही ये सूची आई है. इसका मतलब साफ़ है बाकी पर भाजपा साफ़ है. पहली सूची में ही भाजपा ने अपनी हार मान ली है क्योंकि वो बगावत के डर से उन लोगों को भी दुबारा उम्मीदवार बना रही है जो अपने-अपने संसदीय क्षेत्रों में कोई काम नहीं करवाने की वजह से या फिर भ्रष्टाचार में लिप्तता के कारण ख़ुद ही अपनी टिकट के लिए कोई उम्मीद नहीं कर रहे थे. जो बोरिया-बिस्तर बांध कर निकलना चाहते थे उन्हें दुबारा दबाव बनाकर लड़ने के लिए कहा जा रहा है. ये अनमने लोग क्या विपक्ष का सामना करेंगे'
बीजेपी ने कई चेहरों किया रिपीट
बीजेपी ने यूपी में कई नेताओं को दोबारा रिपीट किया है और उनपर फिर से भरोसा जताते हुए टिकट दिया. इनमें पूर्व केंद्रीय मंत्री महेश शर्मा, एक्ट्रेस हेमा मालिनी, रवि किशन, दिनेश लाल यादव निरहुआ, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, साध्वी निरंजन ज्योति बड़ा चेहरा हैं जिन्हें फिर से टिकट दिया गया है.
ADVERTISEMENT











