यूपी से भाजपा के राज्यसभा प्रत्याशियों का ऐलान, धर्मपाल सिंह, राधाकांत ओझा समेत 8 नेताओं को मिला टिकट

कुमार अभिषेक

• 03:21 PM • 05 Oct 2026

भारतीय जनता पार्टी ने यूपी से राज्यसभा उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं. 8 चेहरों को मौका मिला है, जबकि बीएल वर्मा और हरदीप सिंह पुरी का नाम सूची में नहीं है.

BJP Rajya Sabha Candidates UP

BJP Rajya Sabha Candidates UP

Google CTA

भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने उत्तर प्रदेश से राज्यसभा चुनाव के लिए अपने प्रत्याशियों के नामों का आधिकारिक ऐलान कर दिया है. पार्टी द्वारा जारी की गई सूची में कुल 8 नेताओं के नाम हैं. इस सूची में संगठन और स्थानीय राजनीति में सक्रिय चेहरों को वरीयता दी गई है. घोषित उम्मीदवारों में धर्मपाल सिंह, राधाकांत ओझा, प्रकाश पाल, विद्या सागर सोनकर, गोपी कृष्णा पाण्डेय, पूर्व सांसद प्रियंका सिंह रावत, राम प्रताप चौहान और श्रुति गंगवार का नाम शामिल है.

यह भी पढ़ें...

यहां देखें पूरी लिस्ट

पार्टी द्वारा जारी इस नई सूची में सबसे अधिक चर्चा मौजूदा केंद्रीय मंत्रियों के नामों को लेकर हो रही है. उत्तर प्रदेश से राज्यसभा का प्रतिनिधित्व कर रहे केंद्रीय मंत्री बी.एल. वर्मा और हरदीप सिंह पुरी के नाम इस सूची में शामिल नहीं हैं. इन दोनों वरिष्ठ नेताओं और केंद्रीय मंत्रियों का नाम सूची में न होना राज्य के राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है. 

भाजपा द्वारा घोषित इन 8 प्रत्याशियों के नामों के साथ ही उत्तर प्रदेश में राज्यसभा चुनाव का सियासी माहौल गरमा गया है. पार्टी ने इस बार सामाजिक और क्षेत्रीय समीकरणों को साधते हुए अनुभवी नेताओं के साथ-साथ नए चेहरों को भी उच्च सदन में भेजने का विकल्प चुना है. सभी घोषित उम्मीदवार जल्द ही अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे, जिसके बाद आगे की चुनावी प्रक्रिया पूरी की जाएगी. नामांकन की लास्ट डेट कल यानी 6 अक्टूबर है. जबकि इस चुनाव के लिए 16 अक्टूबर को वोटिंग होगी.

ये भी पढ़ें: MLC चुनाव से पहले बीजेपी को बड़ा झटका, टिकट कटने से नाराज डॉ. संजयन त्रिपाठी ने जॉइन की समाजवादी पार्टी