लखनऊ का वो केस गिरा सकता है भाजपा सरकार, अखिलेश यादव ने किया बड़ा दावा

यूपी तक

• 05:30 PM • 20 Oct 2026

लखनऊ के कैफे मालिक शिवा शर्मा की मौत का मामला अब यूपी की सियासत में भी चर्चा का विषय बन गया है. सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस मामले को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए विकास दुबे एनकाउंटर का जिक्र किया और दावा किया कि मामला सरकार को गिरा सकता है.

UPTak
Google CTA

लखनऊ में कैफे मालिक शिवा शर्मा की मौत का मामला अब राजनीतिक बयानबाजी के केंद्र में आ गया है. समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इस मामले को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने 2020 में गैंगस्टर विकास दुबे की पुलिस मुठभेड़ का जिक्र करते हुए ऐसा दावा किया, जिसने इस मामले को लेकर सियासी चर्चा बढ़ा दी है.

यह भी पढ़ें...

अखिलेश यादव ने मंगलवार, 20 अक्टूबर को कहा कि शिवा शर्मा की मौत का मामला सामान्य नहीं है. उनके मुताबिक, मामला उत्तर प्रदेश सरकार को गिरा सकता है. उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए और मामले में कुछ प्रभावशाली लोगों के जुड़े होने का इशारा किया.

विकास दुबे एनकाउंटर का जिक्र कर क्या बोले अखिलेश?

अखिलेश यादव से जब शिवा शर्मा की कथित लिव-इन पार्टनर श्रद्धा दुबे के बारे में सवाल पूछा गया, तो उन्होंने सरकार और पुलिस पर तंज कसा. श्रद्धा इस मामले में मुख्य आरोपी है और 11 दिनों से फरार थी.

अखिलेश ने कहा, "न्याय मिलना चाहिए. याद रखिए, गाड़ी पलटी नहीं थी, सरकार गिरने से बच गई थी."

उनका बयान जुलाई 2020 में विकास दुबे की पुलिस मुठभेड़ की ओर इशारा था. विकास दुबे को मध्य प्रदेश से उत्तर प्रदेश लाया जा रहा था. इसी दौरान पुलिस के मुताबिक, उसे ले जा रहा वाहन पलट गया था और इसके बाद मुठभेड़ में उसकी मौत हो गई थी.

अखिलेश ने कहा कि शिवा शर्मा का मामला भी सामान्य नहीं है और इससे सरकार गिर सकती है. उन्होंने आरोप लगाया कि मामले में कुछ प्रभावशाली लोगों के संबंध हो सकते हैं.

श्रद्धा दुबे की गिरफ्तारी पर पुलिस को घेरा

अखिलेश यादव ने श्रद्धा दुबे की गिरफ्तारी में देरी को लेकर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि मामले को लेकर टीवी चैनल भी अलग-अलग पक्षों में बंटे दिखाई दे रहे हैं. कुछ श्रद्धा के समर्थन में हैं, तो कुछ उसके खिलाफ.

अखिलेश ने श्रद्धा के फरार रहते हुए दिए गए मीडिया इंटरव्यू का भी जिक्र किया. उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ पत्रकारों को मामले की अंदरूनी जानकारी मिल रही है और मीडिया संस्थान अलग-अलग खेमों में बंटे हुए हैं.

आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी से जुड़ी छोटी घटनाओं को भी प्रमुखता से दिखाया जाता है. अखिलेश ने दावा किया कि एक बड़े टीवी चैनल ने 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव के लिए सपा और उसके सहयोगी दलों के बीच सीट बंटवारे की खबर भी चला दी थी. इस पर उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सीटें बांटने का काम सपा पर छोड़ देना चाहिए.

CJP नेताओं की रिहाई की भी मांग

अखिलेश यादव ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेताओं सौरव दास और आशुतोष रांका को रिहा करने की मांग भी की. उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों को गलत तरीके से हिरासत में रखा गया है. सपा अध्यक्ष ने कहा कि कानून और संविधान इसकी इजाजत नहीं देते, लेकिन भाजपा दबाव बनाकर उन्हें जेल में रखना चाहती है. 

क्या है शिवा शर्मा की मौत का मामला?

28 वर्षीय शिवा शर्मा की 9 अक्टूबर को लखनऊ के बलू अड्डा इलाके में एक अपार्टमेंट की बालकनी से गिरने के बाद मौत हो गई थी. इलाका हजरतगंज थाना क्षेत्र में आता है. पुलिस ने शुरुआत में इसे हादसे के तौर पर लिया था, लेकिन परिवार के आरोपों के बाद हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया.

शिवा के परिवार का आरोप है कि उसे पहले पीटा गया और प्रताड़ित किया गया, फिर इमारत से नीचे फेंक दिया गया. उसकी मां रंजना शर्मा लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रही हैं. उन्होंने श्रद्धा के उस दावे पर भी सवाल उठाए हैं, जिसमें उसने शिवा की मौत की वजह आर्थिक परेशानी को बताते हुए आत्महत्या की बात कही थी.

31 वर्षीय फैशन मॉडल श्रद्धा दुबे इस मामले में मुख्य आरोपी है. उसकी बहन रश्मि दुबे, ड्राइवर तनवीर अली उर्फ दानिश और दो अन्य लोगों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस ने तीनों को नागपुर से गिरफ्तार कर लिया है. 

श्रद्धा ने क्या सफाई दी थी?

सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में श्रद्धा ने शिवा की मौत में अपनी भूमिका से इनकार किया था. उसका दावा था कि शिवा उसके घर के बाथरूम में जाने के बाद बालकनी से कूद गया. उसने कहा था कि शिवा पर 15 से 20 लाख रुपये का कर्ज था और वह कर्ज नहीं चुका पाने की स्थिति में अपनी जान देने की धमकी देता था.

श्रद्धा ने दावा किया था कि घर के सीसीटीवी फुटेज से घटना की सच्चाई सामने आ जाएगी. उसने शिवा के साथ मारपीट या उसे प्रताड़ित करने के आरोपों को भी खारिज किया था.

ये भी पढ़ें- आगरा होटल से गायब होने के बाद यहां मिली श्रद्धा दुबे, यूपी STF और लखनऊ पुलिस ने किया गिरफ्तार