Akhilesh Yadav News: दिल्ली में चुनाव आयोग के खिलाफ 'INDIA' ब्लॉक के प्रदर्शन के दौरान समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश के आगामी राज्यसभा चुनाव को लेकर एक बड़ा बयान दिया. दरअसल, उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों के लिए 16 अक्टूबर को वोटिंग होनी है. इन 10 में से 7 सीटों पर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और 2 सीटों पर समाजवादी पार्टी की जीत तय मानी जा रही थी, जबकि 10वीं सीट को लेकर दोनों दलों के बीच टकराव की स्थिति बनी हुई थी. माना जा रहा था कि सपा अपना तीसरा प्रत्याशी मैदान में उतारेगी. हालांकि, नामांकन के आखिरी दिन यानी 6 अक्टूबर को अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर संकेत दिया कि सपा तीसरा प्रत्याशी नहीं उतारेगी और पार्टी का ध्यान अब '3 नहीं, 403' पर है.
ADVERTISEMENT
अखिलेश ने बताई ये वजह
जब दिल्ली में पत्रकारों ने अखिलेश यादव से तीसरा प्रत्याशी न उतारने को लेकर सवाल पूछा, तो उन्होंने तंज कसते हुए कहा, "यहां आने (दिल्ली) की वजह से हम एक और प्रत्याशी को राज्यसभा चुनाव नहीं लड़ा पा रहे हैं. भाजपा के बहुत विधायक आना चाहते थे. हमें यहां बुला लिया, हमारा राज्यसभा चला गया. इसलिए 3 नहीं अब 403 की तैयारी करेंगे." अखिलेश के इस बयान से साफ हो गया है कि सपा ने 10वीं राज्यसभा सीट पर अपना दावा छोड़ते हुए पूरा ध्यान आगामी राज्य चुनावों पर केंद्रित कर दिया है.
देखिए अखिलेश यादव ने क्या कहा?
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव होने हैं. वर्तमान में राज्य में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली एनडीए (NDA) सरकार है. पूर्व मुख्यमंत्री और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव लगातार यह दावा कर रहे हैं कि आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की पूर्ण बहुमत से सरकार बनेगी. राज्यसभा चुनाव में तीसरा प्रत्याशी न उतारने के सपा के इस राजनीतिक दांव के बाद अब यह देखना दिलचस्प होगा कि उत्तर प्रदेश की राजनीति आने वाले दिनों में क्या नया मोड़ लेती है.
ADVERTISEMENT











