कमलेश बिंद एनकाउंटर पर सपा सांसद अफजाल अंसारी ने उठाई CBI जांच की मांग, पुलिस एनकाउंटर पर भी उठाए कई सवाल 

विनय कुमार सिंह

08 Jun 2026 (अपडेटेड: 20 Jul 2026, 11:57 AM)

Afzal Ansari News: गाजीपुर में एक लाख रुपये के इनामी रहे कमलेश बिंद के पुलिस एनकाउंटर के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है. समाजवादी पार्टी के सांसद अफजाल अंसारी रविवार को कमलेश बिंद के गांव पहुंचे और उनके परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की.

Afzal Ansari Statement On Kamlesh Bind Encounter

Afzal Ansari Statement On Kamlesh Bind Encounter

Google CTA

Afzal Ansari Statement On Kamlesh Bind Encounter: गाजीपुर में एक लाख रुपये के इनामी रहे कमलेश बिंद के पुलिस एनकाउंटर के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है. समाजवादी पार्टी के सांसद अफजाल अंसारी रविवार को कमलेश बिंद के गांव पहुंचे और उनके परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की. इस दौरान उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाते हुए कहा कि वे उनके साथ खड़े हैं. सांसद ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि कमलेश बिंद एनकाउंटर समेत पूरे घटनाक्रम की जांच केंद्रीय जांच एजेंसी (CBI) से कराई जानी चाहिए, ताकि सभी तथ्यों की सच्चाई सामने आ सके.

यह भी पढ़ें...

एनकाउंटर पर उठाए सवाल

परिजनों से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में अफजाल अंसारी ने एनकाउंटर को लेकर कई सवाल खड़े किए. उन्होंने दावा किया कि कुछ सीसीटीवी फुटेज में कमलेश बिंद को बिहार से पुलिस और एसटीएफ द्वारा हिरासत में लिए जाने की बात सामने आ रही है. ऐसे में बाद में हुई मुठभेड़ की परिस्थितियों की स्वतंत्र जांच आवश्यक है. सांसद ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को पहले से हिरासत में लिया गया था तो यह स्पष्ट होना चाहिए कि बाद में एनकाउंटर किन हालात में हुआ. उन्होंने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष पड़ताल से ही लोगों के मन में उठ रहे सवालों का जवाब मिल सकेगा.

चार बिंदुओं पर CBI जांच की मांग

अफजाल अंसारी ने कहा कि पूरे प्रकरण की जांच चार महत्वपूर्ण बिंदुओं पर होनी चाहिए. पहला, होटल व्यवसायी विनीत राय हत्याकांड की गहन जांच, जिसमें यह पता लगाया जाए कि घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे किन परिस्थितियों में हटाए गए. दूसरा, कमलेश बिंद एनकाउंटर की जांच, जिससे मुठभेड़ की वास्तविकता स्पष्ट हो सके. तीसरा, एनकाउंटर के बाद क्षेत्र में हुए बवाल और हिंसक घटनाओं की जांच. चौथा, उस बवाल के बाद दर्ज किए गए मुकदमों की निष्पक्षता की समीक्षा. सांसद का कहना है कि इन सभी पहलुओं की स्वतंत्र जांच होने से पूरे मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी.

पुलिस कार्रवाई और कानून-व्यवस्था पर भी टिप्पणी

सांसद ने उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था और गाजीपुर पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए. उन्होंने आरोप लगाया कि जिले में कुछ मामलों में पुलिस की कार्रवाई एकतरफा नजर आती है. अफजाल अंसारी ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन जांच और कार्रवाई दोनों निष्पक्ष होनी चाहिए. उन्होंने प्रदेश सरकार के मंत्री संजय निषाद द्वारा एनकाउंटर की जांच की मांग का समर्थन भी किया. सांसद का दावा है कि कमलेश बिंद के साथ बिहार से तीन अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया गया था, जिनमें से दो को बाद में छोड़ दिया गया. उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच जरूरी है. सांसद के दौरे और बयान के बाद जिले में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं, जबकि पुलिस और प्रशासन अपनी कार्रवाई को कानून के अनुसार बता रहे हैं.