Varanasi Dev Deepawali 2026: वाराणसी की विश्व प्रसिद्ध देव दीपावली के लिए काशी पूरी तरह तैयार है. कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर आज गंगा के घाट लाखों दीयों की रोशनी से जगमगाएंगे. इस बार घाटों को 11 लाख से अधिक दीयों से सजाने की तैयारी है, जबकि 15 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है. नमो घाट से सामने घाट तक कई धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे. दशाश्वमेध घाट पर 51 हजार दीप जलाए जाएंगे. इस बार आयोजन में आधुनिक तकनीक और धार्मिक आस्था का संगम भी देखने को मिलेगा. करीब 2100 ड्रोन आसमान में भगवान शिव के अलग-अलग स्वरूपों, गंगा अवतरण और काशी की धार्मिक विरासत से जुड़ी आकृतियां बनाएंगे. इससे पहले चेतसिंह किले पर ग्रैंड लेजर शो का रिहर्सल भी किया गया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे.
ADVERTISEMENT
6 घाटों से शुरू हुई थी देव दीपावली की परंपरा
आज देव दीपावली का आयोजन देश-विदेश में प्रसिद्ध है, लेकिन इसकी शुरुआत करीब 40 साल पहले केवल छह घाटों से हुई थी. केंद्रीय देव दीपावली महासमिति के संस्थापक अध्यक्ष पंडित नारायण गुरु के प्रयासों से वर्ष 1985 में इस परंपरा को बड़े स्तर पर शुरू किया गया था. धीरे-धीरे यह आयोजन भव्य होता गया और अब इसे देखने के लिए हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक काशी पहुंचते हैं. इस बार भी नमो घाट से लेकर सामने घाट तक अलग-अलग कार्यक्रमों की तैयारी की गई है.
यह भी पढ़ें- चंदौली में बीजेपी MLA सुशील सिंह के काफिले का हुआ सड़क हादसा, स्कॉर्पियो ने तीन गाड़ियों को मारा टक्कर, 4 घायल
आसमान में दिखेगी काशी की धार्मिक विरासत
देव दीपावली पर नमो घाट और गंगा पार के आसमान में करीब 2100 ड्रोन के जरिए विशेष शो आयोजित किया जाएगा. इसमें भगवान शिव के अलग-अलग स्वरूपों, गंगा अवतरण, काशी विश्वनाथ मंदिर और धार्मिक-सांस्कृतिक प्रतीकों की आकृतियां बनाई जाएंगी. इससे पहले सोमवार रात गंगा के उस पार 2000 से अधिक ड्रोन के साथ रिहर्सल किया गया था. इस दौरान भगवान शिव के स्वरूपों, गंगा आरती और रामलला की मूर्ति की आकृतियां दिखाई गईं. ड्रोन शो में संगीत और विशेष प्रस्तुतियां भी होंगी. वहीं, चेतसिंह किले पर हुए ग्रैंड लेजर शो के रिहर्सल में महादेव के त्रिपुरासुर वध, गंगा के उद्गम और काशी के घाटों का चित्रण दिखाया गया.
काशी विश्वनाथ धाम की सजावट पूरी
देव दीपावली के लिए श्री काशी विश्वनाथ धाम को भी आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है. मंदिर परिसर और भवनों को बिजली की झालरों, पारंपरिक दीपों और फूलों की मालाओं से सजाया गया है. मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुगम दर्शन और व्यवस्थित आवागमन के लिए जरूरी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया है. दशाश्वमेध घाट पर 51 हजार दीप जलाने के साथ काशी के घाटों पर भव्य दीपोत्सव होगा. इस बार लाखों दीयों की रोशनी, लेजर शो और ड्रोन से बनने वाली आकृतियां देव दीपावली को खास बनाने जा रही हैं.
यह भी पढ़ें- शिवपाल यादव के बचाव में उतरे आजम खान, मगर रामपुर सांसद मोहिबुल्ला नदवी के टिकट पर सस्पेंस बढ़ाया!
ADVERTISEMENT











