Varanasi Hotel Death Case: यूपी के वाराणसी शहर के सिगरा थाना क्षेत्र में स्थित एक होटल से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. कैंट रेलवे स्टेशन के सामने परेड कोठी इलाके में स्थित होटल सिटी इन के एक बंद कमरे में हैदराबाद के रहने वाले सगे भाई-बहन मृत पाए गए. बता दें कि दोनों पिछले तीन दिनों से होटल में ठहरे हुए थे और ऐसा बताया जा रहा है कि वाराणसी घूमने आए बताए जा रहे हैं. कमरे से करीब 6 लाख 61 हजार रुपये नकद, लैपटॉप और अन्य दस्तावेज बरामद हुए हैं.
ADVERTISEMENT
चेकआउट के दिन हुआ खुलासा
जानकारी के मुताबिक, हैदराबाद से आए भाई-बहन होटल सिटी इन के कमरा नंबर 2005 में पिछले तीन दिनों से ठहरे हुए थे. जिस दिन यह घटना सामने आई, उसी दिन उन्हें होटल से चेकआउट करना था. तय समय पर जब दोनों रिसेप्शन पर नहीं पहुंचे तो होटल स्टाफ ने कमरे में इंटरकॉम और मोबाइल फोन के जरिए कई बार संपर्क करने की कोशिश की लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली. स्थिति संदिग्ध लगने पर होटल प्रबंधन ने तुरंत सिगरा थाना पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के तहत कमरे को मास्टर की की मदद से खोला गया और पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी कराई गई.
दरवाजा खुलते ही अंदर का नजारा देखकर पुलिस और होटल कर्मचारी हैरान रह गए. कमरे के भीतर फर्श पर रखे गद्दे पर दोनों भाई-बहन अचेत अवस्था में पड़े थे.उनके मुंह से झाग निकल रहा था, जिससे जहरीला पदार्थ खाने की आशंका जताई जा रही है. कमरे में किसी तरह के संघर्ष के निशान नहीं मिले. मेज पर कुछ दवाइयां बिखरी हुई थीं और उनके खाली रैपर भी पाए गए, जिन्हें पुलिस ने साक्ष्य के तौर पर जब्त कर लिया है. इसके बाद आगे की जांच प्रक्रिया शुरू की गई.
तलाशी में मिले लाखों रुपये और दस्तावेज
पुलिस ने कमरे की तलाशी ली तो वहां से पैन कार्ड, आधार कार्ड, पासपोर्ट, लैपटॉप और 6 लाख 61 हजार रुपये नकद बरामद हुए. दस्तावेजों के आधार पर मृतकों की पहचान सगे भाई-बहन के रूप में हुई. उनकी पहचान गणेश गौड़ गुनलापल्ली (46) और धनलक्ष्मी गुनलापल्ली (38) के रूप में हुई है. दोनों हैदराबाद के सिकंदराबाद स्थित सीताफल मंडी इलाके के निवासी थे. हालांकि आईडी प्रूफ पर दर्ज पते की जांच में पता चला कि वे साल 2018 में ही उस जगह को छोड़ चुके थे.
पुलिस की प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की आशंका
घटना की जानकारी मिलते ही काशी जोन के डीसीपी गौरव बंसवाल मौके पर पहुंचे. उन्होंने बताया कि घटनास्थल से किसी प्रकार का सुसाइड नोट नहीं मिला है, लेकिन परिस्थितियों को देखते हुए मामला प्रथम दृष्टया जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है. दोनों के शव जमीन पर पड़े थे और मुंह से झाग निकल रहा था, साथ ही कमरे में दवाइयां भी पाई गईं. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. साथ ही परिजनों से संपर्क साधने की कोशिश की जा रही है. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें: 9वीं में पढ़ने वाले 15 साल के भतीजे और 35 की चाची के बीच गोरखपुर में बन गए गलत रिश्ते! फिर ये हुआ
ADVERTISEMENT









