Varanasi: दारोगा को हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ताओं ने दिया धक्का, की बदतमीजी, वीडियो वायरल

रोशन जायसवाल

• 02:17 PM • 09 Apr 2024

बता दें कि ये पूरा मामला वाराणसी के गोदौलिया चौराहे का है. यहां ड्यूटी पर तैनात 2019 बैच के दारोगा आनंद प्रकाश ने बिना नंबर प्लेट के बाइक सवारों से गाड़ी के पेपर मांगे. इस दौरान आसपास मौजूद हिंदूवादी संगठन के दर्जनों कार्यकर्ता दारोगा पर टूट पड़े और जमकर हंगामा करने लगे.

UPTak
Google CTA

Varanasi News: उत्तर प्रदेश के वाराणसी से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है. यहां दशाश्वमेध थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गोदौलिया चौराहे पर तैनात दारोगा आनंद प्रकाश के साथ कुछ लोगों ने बदतमीजी करते हुए उनकी वर्दी उतरवाने की धमकी दे डाली. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में देखा जा सकता है कि हिंदूवादी संगठन के कुछ कार्यकर्ता दरोगा को न केवल धक्का दे रहे हैं, बल्कि उनके साथ दुर्व्यवहार करते हुए भी नजर आ रहे हैं. इस मामले में पांच नामजद और 15 ज्ञात पर गंभीर धाराओं में मुकदमा पंजीकृत करके आरोपियों की तलाश की जा रही है. 

यह भी पढ़ें...

क्या है पूरा मामला?

बता दें कि ये पूरा मामला वाराणसी के गोदौलिया चौराहे का है. यहां ड्यूटी पर तैनात 2019 बैच के दारोगा आनंद प्रकाश ने बिना नंबर प्लेट के बाइक सवारों से गाड़ी के पेपर मांगे. इस दौरान आसपास मौजूद हिंदूवादी संगठन के दर्जनों कार्यकर्ता दारोगा पर टूट पड़े और जमकर हंगामा करने लगे. इसके साथ ही ये लोग दारोगा के साथ हाथापाई पर भी उतारू हो गए.

विपक्ष के लोगों ने बीजेपी पर बोला हमला

बता दें कि रविवार देर रात की ये घटना तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है. वीडियो वायरल होने के बाद विपक्षी दलों के नेता भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार को घेरने लगे हैं. उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा है, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में आखिर ये क्या हो रहा है? सरे आम RSS के लोगों द्वारा दरोगा की पिटाई कर दी जाती है सरकार मुक़दर्शक बनकर मौन है. RSS के लोगों को खुली छूट, कोई कार्यवाही नहीं इन मनबढ़ों को आख़िर किसका मिल रहा है संरक्षण?"

वहीं, समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी 'एक्स' हैंडल पर पोस्ट करते हुए लिखा है, "देश के प्रधान संसदीय क्षेत्र वाराणसी में भाजपा के कार्यकर्ताओं द्वारा दरोगा के साथ हिंसक व्यवहार भाजपाई अराजकता की पराकाष्ठा है. अब देखते हैं इन असामाजिक तत्वों के घरों पर बुलडोजर कब चलता है."

बता दें कि इस घटना के बाद ही पीड़ित दारोगा आनंद प्रकाश की तहरीर पर संबंधित दशाश्वमेध थाने में पांच नामजद और 15 ज्ञात पर गंभीर धाराओं में मुकदमा पंजीकृत करके आरोपियों की तलाश की जा रही है. आरोपियों में नीतिश सिंह, नितेश नरसिंघानी, राहुल सिंह, सन्नी गुप्ता और गप्पू सिंह के नाम शामिल हैं.