CM Yogi Varanasi Visit: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को वाराणसी का दौरा किया. इस दौरान उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ एक बेहद अहम बैठक की. बैठक में काशी में चल रहे विकास प्रोजेक्ट्स, कानून व्यवस्था और सबसे जरूरी आगामी सावन महीने की तैयारियों की गहन समीक्षा की गई.
ADVERTISEMENT
सीएम योगी ने अधिकारियों को दो टूक हिदायत दी कि बनारस में चल रहे सभी प्रोजेक्ट्स को तय समय सीमा के भीतर और पूरी गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए. सरकार की तरफ से जारी बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने कहा कि सावन के पवित्र महीने में बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए.
स्थानीय लोगों के लिए बनेगा अलग रास्ता
सावन के महीने में काशी विश्वनाथ मंदिर में भारी भीड़ उमड़ती है, जिससे बनारस के लोगों को दर्शन करने में काफी दिक्कत होती है. इसे देखते हुए सीएम योगी ने एक बेहतरीन फैसला लिया. उन्होंने निर्देश दिया कि सावन के महीने में स्थानीय नागरिकों के लिए श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन के लिए एक अलग मार्ग की व्यवस्था की जाए.
इसके साथ ही उन्होंने साफ किया कि सावन के दौरान मैदागिन से गोदौलिया के बीच जो बैरिकेडिंग लगाई जाती है, उससे स्थानीय व्यापारियों और दुकानदारों के कारोबार पर कोई बुरा असर नहीं पड़ना चाहिए. प्रशासन ऐसी व्यवस्था करे जिससे किसी को असुविधा न हो.
पाइपलाइन के लिए खोदी सड़कें तुरंत होंगी ठीक
बनारस की टूटी सड़कों और जगह-जगह हो रही खुदाई से परेशान लोगों के लिए भी इस बैठक से राहत की खबर आई है. अक्सर देखा जाता है कि एक विभाग सड़क खोदकर चला जाता है और महीनों तक वह वैसी ही पड़ी रहती है. इस पर नाराजगी जताते हुए सीएम ने आदेश दिया कि जल जीवन मिशन के तहत जहां भी पेयजल और सीवर पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़कें खोदी जा रही हैं, उन्हें पाइपलाइन डालने के साथ-साथ तुरंत ठीक किया जाए.
सीएम योगी ने बैठक में कई और कड़े निर्देश दिए:
- इंटीग्रेटेड डिविजनल ऑफिस: इस एकीकृत मंडलीय कार्यालय के निर्माण कार्य को हर हाल में 18 महीने के भीतर पूरा करने के प्रयास किए जाएं.
- रोप-वे प्रोजेक्ट: वाराणसी के इस ड्रीम रोप-वे प्रोजेक्ट को निर्धारित समय के अंदर ही पूरा किया जाए.
- दालमंडी सड़क चौड़ीकरण: दालमंडी में सड़क चौड़ीकरण का काम तेजी से निपटाया जाए और प्रभावित लोगों को नियमों के तहत तुरंत मुआवजा बांटा जाए.
- काशी की नई टाउनशिप: वाराणसी विकास प्राधिकरण द्वारा विकसित की जा रही 'आनंद काशी', 'रुद्र काशी' और 'काशी स्पोर्ट्स सिटी' जैसी टाउनशिप के जरूरी काम वक्त पर पूरे हों. यूनिटी मॉल के काम में भी तेजी लाई जाए.
नाविकों को मिलेंगी सुविधाएं
गंगा नदी में चलने वाली छोटी नावों को लेकर भी बड़ा फैसला हुआ है. अब इन नावों का नगर निगम के माध्यम से रजिस्ट्रेशन किया जाएगा. साथ ही, नाविकों को सुरक्षा के लिहाज से 'लाइफ जैकेट' जैसी जरूरी सुविधाएं मुफ्त दी जाएंगी.
सावन मेले के दौरान भीड़ को संभालने के लिए जिला प्रशासन, पुलिस, नगर निगम, पीडब्ल्यूडी और बिजली विभाग को आपस में तालमेल बिठाकर काम करने को कहा गया है. श्रद्धालुओं के लिए सफाई, शुद्ध पेयजल, 'खोया-पाया' केंद्र, स्वास्थ्य सेवाएं और मुफ्त लॉकर की सुविधा उपलब्ध रहेगी.
ADVERTISEMENT











