हाई सिक्योरिटी के बीच काशी विश्वनाथ मंदिर में हुआ मिसफायर...PAC जवान की बंदूक से चली गोली में इतने लोग हो गए घायल!

रोशन जायसवाल

• 09:17 AM • 04 Jul 2026

Kashi Vishwanath Temple Firing: वाराणसी के श्री काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर में गेट नंबर 4B के पास ड्यूटी पर तैनात PAC जवान की सरकारी कार्बाइन से दुर्घटनावश मिसफायर हो गया. गोली के छर्रे लगने से तीन स्थानीय दुकानदार मामूली रूप से घायल हो गए.

UP Tak
Google CTA

Kashi Vishwanath Temple Firing: धर्मनगरी काशी के सबसे संवेदनशील और हाई-सिक्योरिटी जोन माने जाने वाले श्री काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर से शनिवार सुबह एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई. मंदिर के गेट नंबर 4B के पास सुरक्षा में तैनात PAC के एक जवान की सरकारी बंदूक से अचानक दुर्घटनावश गोली चल गई. इस अचानक हुई फायरिंग से परिसर में कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया. राहत की बात यह रही कि गोली सीधे किसी को नहीं लगी लेकिन उसके छर्रों की चपेट में आने से वहां मौजूद तीन स्थानीय दुकानदार आंशिक रूप से घायल हो गए. घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद अन्य सुरक्षाकर्मियों और पुलिस के आला अधिकारियों ने स्थिति को संभाला और घायलों को तुरंत अस्पताल भिजवाया.

यह भी पढ़ें...

कैसे घटी यह घटना?

शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना उस समय हुई जब काशी विश्वनाथ मंदिर के गेट संख्या 4B पर PAC की 48वीं बटालियन के दीवान अमरनाथ चौहान ड्यूटी पर तैनात थे. बताया जा रहा है कि दीवान की पीठ पर सरकारी कार्बाइन टंगी हुई थी जिसकी बेल्ट अचानक खुल गई. बेल्ट खुलते ही कार्बाइन सीधे जमीन पर जा गिरी और उससे अचानक मिसफायर हो गया. बंदूक से छूटी गोली सीधे किसी को न लगकर जमीन से टकराई, जिसके बाद उसके छर्रे वहां खड़े लोगों को जा लगे.

छर्रे लगने से तीन स्थानीय दुकानदार घायल

इस आकस्मिक हादसे में मंदिर के पास ही तीन स्थानीय दुकानदार घायल हुए हैं. घायलों की पहचान निखिल गुप्ता, राम बाबू और विकास यादव के रूप में हुई है. गनीमत यह रही कि तीनों को गंभीर चोटें नहीं आई हैं. सूत्रों के अनुसार, हादसे में एक दुकानदार की उंगली, दूसरे की कमर और तीसरे दुकानदार के पैर में छर्रे लगे हैं, जिससे वे मामूली रूप से जख्मी हुए हैं.

मौके पर पहुंचे आलाधिकारी

जैसे ही गोली चलने की आवाज गूंजी, परिसर में मुस्तैद पुलिस टीम और सुरक्षा अधिकारियों ने मोर्चा संभाल लिया. स्थिति को नियंत्रित करते हुए तीनों घायल दुकानदारों को तुरंत इलाज के लिए कबीर चौरा स्थित मंडलीय अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका उपचार चल रहा है. घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के आलाधिकारी भी तुरंत मौके पर पहुंच गए और पूरे मामले की जांच और स्थिति की समीक्षा में जुट गए हैं.

यह भी पढ़ें: पति को मारा, बाथरूम में दफनाया और बिछा दीं टाइल्स... आगरा में 45 दिन बाद खुली रूबी की पोल, पति सुरेंद्र शर्मा का सड़ा-गला शव निकाला गया