Saharanpur News: शहर में लगातार दो दिनों तक हुई बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया था और लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली थी. बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई थी, जिससे सुबह और शाम का मौसम काफी खुशनुमा हो गया था. हालांकि आज सुबह से मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली, सुबह से तेज धूप निकलने के कारण गर्मी और उमस ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया.
ADVERTISEMENT
सुबह से ही आसमान साफ रहने और तेज धूप निकलने के कारण तापमान में बढ़ोतरी हुई है. दोपहर होते-होते सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम हो गई और कई स्थानों पर सन्नाटा देखने को मिला. तेज धूप और उमस के कारण लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं. अधिकांश लोग सुबह या शाम के समय ही बाजार और अन्य कामों के लिए निकलना उचित समझ रहे हैं.
बारिश के बाद मौसम में आई ठंडक ज्यादा देर तक नहीं टिक सकी और धूप निकलते ही गर्मी ने फिर से अपना असर दिखाना शुरू कर दिया. बाजारों में भी दोपहर के समय सामान्य दिनों की तुलना में कम भीड़ देखने को मिली. वहीं, राहगीर धूप से बचने के लिए छाते, गमछे और टोपी का सहारा लेते नजर आए.
मौसम विभाग के अनुसार अगले एक-दो दिनों में जिले में फिर से बारिश होने की संभावना बनी हुई है. यदि बारिश होती है तो लोगों को गर्मी और उमस से दोबारा राहत मिल सकती है. फिलहाल तेज धूप के कारण लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ रहा है और सभी की नजरें एक बार फिर मानसूनी बारिश पर टिकी हुई हैं. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून सक्रिय होने के कारण आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है.
ADVERTISEMENT











