Saharanpur News: नगर निगम के स्वास्थय विभाग द्वारा वर्षा ऋतु के दृष्टिगत गत एक जून से शुरु किए गए नाला सफाई अभियान के तहत जहां क्रेगी नाला व चिलकाना रोड के बड़े नाले साफ करा दिए गए हैं वहीं मझौले नालों की सफाई का कार्य जारी है. नालों की सफाई के साथ ही शिल्ट उठान का कार्य भी साथ-साथ कराया जा रहा है. इसके लिए निगम ने एक दर्जन पोकलेन व तीन जेसीबी तथा आधा दर्जन टैªक्टरों सहित अपने दर्जनों वाहन इस अभियान में लगाए हैं.
ADVERTISEMENT
नगरायुक्त शिपू गिरि के निर्देश पर वर्षा ऋतु के दृष्टिगत शुरु किये गए नाला सफाई अभियान को पुनः गति देते हुए बडे़-छोटे नालों और मझौले नालों की सफाई का कार्य लगातार किया जा रहा है. नगर स्वास्थय अधिकारी डॉ. प्रवीण शाह ने बताया कि महानगर में कुल 316 नाले हैं जिनमें से चार बडे़, 276 मझौले और 36 छोटे नाले हैं. कुल 168 किमी लंबे इन नालों का पहला सफाई अभियान 3 मार्च 2026 से 31 मई 2026 तक चलाया गया था. अब वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए गत एक जून से पुनः नाला सफाई अभियान शुरु किया गया है, जो लगातार जारी रहेगा. उन्होंने बताया कि अभियान के तहत सात मझौले नाले हर रोज साफ कराये जा रहे है. जिन नालों में पीछे से बहकर कचरा आता है उन्हें प्राथमिकता के साथ साफ कराया जा रहा है.
नगर स्वास्थय अधिकारी ने बताया कि नालों की सफाई कराने के साथ ही नालों से निकाली जा रही शिल्ट भी साथ-साथ उठवायी जा रही है. शिल्ट उठान के लिए अलग से 05 पोकलेन, एक जेसीबी, 03 रोबोट, 06 टैक्टर, 02 जेसीबी व 06 टिपर लगाये गए हैं. उन्होंने बताया कि जहां शिल्ट बहुत ज्यादा गीली होती है, वहां शिल्ट उठान का कार्य अगले दिन किया जा रहा है.
नगर स्वास्थय अधिकारी ने शहर के लोगों से अपील की है कि वे अपने घरों व दुकानों/प्रतिष्ठानों का कूड़ा-कचरा नाले-नालियों में न डालकर निगम के कर्मचारियों को ही दें. इससे शहर की सफाई व्यवस्था भी ठीक रहेगी और नालों में कचरा जमा होने के कारण जल भराव भी नहीं होगा. उधर मुख्य सफाई निरीक्षक परमानंद ने बताया कि पांवधोई की सफाई का कार्य भी पूरा कर लिया गया है. जिसकी व्यापार बंधु से जुडे़ व्यापारियों ने भी सराहना की है.
ADVERTISEMENT











