Saharanpur News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आज का सहारनपुर दौरा जिले के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है. करीब चार घंटे के इस दौरे के दौरान मुख्यमंत्री शिक्षा, विकास और प्रशासनिक समीक्षा से जुड़े कई अहम कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे. हालांकि देर रात से हो रही लगातार बारिश ने तैयारियों की परीक्षा जरूर ले ली है, लेकिन प्रशासन ने सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं.
ADVERTISEMENT
मुख्यमंत्री सुबह 11 बजे सरसावा एयरपोर्ट पर उतरेंगे. इसके बाद वह इस्माइलपुर स्थित कंपोजिट विद्यालय पहुंचकर प्रदेशव्यापी 'स्कूल चलो अभियान' का शुभारंभ करेंगे. इसके बाद महाराज सिंह डिग्री कॉलेज मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए जिले के लिए करोड़ों रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे. दोपहर 1:30 बजे मुख्यमंत्री सर्किट हाउस में लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक करेंगे. बैठक में निर्माणाधीन परियोजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की जाएगी. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दोपहर 3:05 बजे मुख्यमंत्री राजकीय विमान से लखनऊ के लिए रवाना होंगे.
इधर, लगातार हो रही बारिश के कारण कार्यक्रम स्थल पर कई जगह कीचड़ हो गया है. मौसम सुहाना होने से लोगों को भीषण गर्मी से राहत जरूर मिली है और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है. पिछले कई दिनों से उमस और तेज गर्मी से लोग परेशान थे, लेकिन बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया है. बारिश के बावजूद प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. जनसभा स्थल पर टेंट की व्यवस्था पूरी कर ली गई है और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं. पुलिसकर्मी बारिश के बीच भी अपनी ड्यूटी पर मुस्तैद नजर आ रहे हैं.
हालांकि लगातार बारिश के चलते जनसभा में अपेक्षित भीड़ जुटने को लेकर आशंका जताई जा रही है. बावजूद इसके प्रशासन का दावा है कि मुख्यमंत्री के सभी कार्यक्रम निर्धारित समय के अनुसार संपन्न कराए जाएंगे.
ADVERTISEMENT










