Sitapur Farmers Protest: किसान मंच के जिला अध्यक्ष राकेश बाजपेई के नेतृत्व में मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश को संबोधित एक ज्ञापन भेजकर जनपद की साधन सहकारी समितियों में व्याप्त अनियमितताओं उर्वरक वितरण में पारदर्शिता की कमी तथा लंबे समय से रिक्त पड़े सचिव एवं सेल्समैन पदों पर शीघ्र नियुक्ति की मांग की गई है.
ADVERTISEMENT
ज्ञापन में कहा गया है कि जनपद की अधिकांश साधन सहकारी समितियों में सचिवों के पद रिक्त हैं. कई कार्यवाहक सचिवों को एक साथ 8 से 10 समितियों का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है जिसके कारण उर्वरक वितरण व्यवस्था प्रभावित हो रही है.किसानों को खाद प्राप्त करने के लिए घंटों कतारों में खड़ा रहना पड़ रहा है और कई बार उन्हें बार-बार समितियों के चक्कर लगाने पड़ते हैं.
किसान मंच ने आरोप लगाया कि कुछ समितियों में सचिव अपने परिचितों एवं गांव के लोगों को प्राथमिकता देकर उर्वरक वितरण कर रहे हैं, जिससे अन्य किसानों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.ज्ञापन में विकास खंड मछरेहटा की न्याय पंचायत परसदा सहलाबाद समिति के संचालन को लेकर भी शिकायत दर्ज कराई गई है. आरोप है कि समिति का संचालन निर्धारित केंद्र के बजाय फ्रेंचाइजी सचिव के आवास के पास मछरेहटा रोड पर किया जा रहा है तथा उर्वरक वितरण भी वहीं से कराया जा रहा है.
इसके अलावा एलिया ब्लॉक की फर्कपुर घाट (परसेंडी बॉर्डर) समिति को लेकर भी शिकायत की गई है. किसान मंच का आरोप है कि वहां भी सचिव के आवास से ही उर्वरक वितरण कराया जा रहा है जिससे पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं और किसानों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है.
ज्ञापन में कहा गया है कि ऐसी व्यवस्थाओं से उर्वरक वितरण प्रक्रिया की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता प्रभावित हो रही है. किसानों में यह आशंका भी व्याप्त है कि उनके नाम पर उर्वरक आवंटन दिखाकर अनियमितताएं की जा सकती हैं.इसलिए पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराए जाने की मांग की गई है.
किसान मंच ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि सभी रिक्त सचिव एवं सेल्समैन पदों पर शीघ्र स्थायी नियुक्तियां की जाएं उर्वरक वितरण व्यवस्था की जांच कर पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए परसदा सहलाबाद समिति एवं फर्कपुर घाट समिति से संबंधित शिकायतों की जांच कराई जाए तथा समितियों का संचालन केवल स्वीकृत एवं निर्धारित केंद्रों से ही कराया जाए.साथ ही दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए किसानों को समय पर पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराया जाए.
इस अवसर पर किसान मंच के संयोजक नवल किशोर मिश्रा ने कहा कि किसानों को निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर उर्वरक खरीदने के लिए मजबूर किया जा रहा है.कई किसानों को दो-तीन दिन तक समितियों के चक्कर लगाने के बाद भी कम मात्रा में यूरिया मिल पाती है.उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि किसानों को लगातार परेशान करने वाली कोई भी सरकार लंबे समय तक जनसमर्थन नहीं बनाए रख सकती। उन्होंने सरकार से किसानों की समस्याओं के समाधान हेतु तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की.
ज्ञापन देने वालों में प्रदेश प्रभारी तथा राष्ट्रीय सचिव शिव प्रकाश सिंह प्रदेश महिला प्रभारी अल्पना सिंह तथा अन्य संगठन के पदाधिकारी तथा सदस्य मौजूद रहे.
ADVERTISEMENT










