Saharanpur Kanwar Yatra Security : कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है. इसी क्रम में शुक्रवार को डीआईजी सहारनपुर रेंज और एसएसपी सहारनपुर ने थाना रामपुर मनिहारान क्षेत्र के चुनैटी फाटक के पास कांवड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया. इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधीनस्थ पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
ADVERTISEMENT
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कांवड़ मार्ग पर यातायात व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, बैरिकेडिंग, पुलिस पिकेट, ड्यूटी प्वाइंट और पार्किंग व्यवस्था का निरीक्षण किया. साथ ही कांवड़ियों की आवाजाही सुचारु रूप से संचालित हो रही है या नहीं, इसका भी आकलन किया.
डीआईजी और एसएसपी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी सतर्कता, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और उनकी सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे.
अधिकारियों ने निर्धारित डायवर्जन प्लान के अनुसार यातायात को सुचारु बनाए रखने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर लगातार नजर रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए. साथ ही पुलिसकर्मियों को कांवड़ यात्रियों और आम नागरिकों के साथ सौहार्दपूर्ण एवं सहयोगात्मक व्यवहार करने की हिदायत भी दी.
उन्होंने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
ADVERTISEMENT











