इस तारीख से चलेगी लखनऊ से सहारनपुर वंदे भारत एक्सप्रेस, इसका पूरा शेड्यूल और स्टॉपेज देखिए

राहुल कुमार

05 Dec 2025 (अपडेटेड: 05 Dec 2025, 09:21 AM)

गोमतीनगर-सहारनपुर वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी मिल गई है. यह ट्रेन 9 दिसंबर 2025 से सप्ताह में छह दिन चलेगी. यह सहारनपुर की दूसरी वंदे भारत होगी जो तेज और प्रीमियम कनेक्टिविटी देगी. यह गोमतीनगर से दोपहर 3:10 बजे चलकर रात 11:50 बजे सहारनपुर पहुंचेगी. वापसी में सुबह 5:05 बजे सहारनपुर से चलकर दोपहर 2:05 बजे गोमतीनगर पहुंचेगी.

Vande Bharat Express for Lucknow to Saharanpur

Vande Bharat Express for Lucknow to Saharanpur

Google CTA

Vande Bharat Express for Lucknow and Saharanpur: लखनऊ के गोमतीनगर से सहारनपुर तक जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस को आखिरकार हरी झंडी मिल गई है. रेलवे मंत्रालय ने ट्रेन संख्या 26503/26504 को मंजूरी दे दी है. अब 9 दिसंबर 2025 से यह सुपरफास्ट ट्रेन पटरियों पर दौड़ना शुरू कर देगी. यह सहारनपुर के लिए दूसरी वंदे भारत ट्रेन होगी. इस सुपरफास्ट ट्रेन की मदद से इस क्षेत्र को तेज, सुरक्षित और सुपरफास्ट कनेक्टिविटी मिलेगी. नगर विधायक राजीव गुंबर ने लंबे समय से केंद्रीय रेल मंत्री को यह प्रस्ताव दिया था. अब रेलवे ने सहमति दे दी है. रेलवे प्रशासन ने ट्रैक, सिग्नलिंग और स्टेशन प्लेटफॉर्म पर विशेष ध्यान देते हुए तैयारियां तेज कर दी हैं. यह ट्रेन सप्ताह में छह दिन चलेगी.

यह भी पढ़ें...

गोमतीनगर से सहारनपुर का पूरा शेड्यूल

ट्रेन संख्या 26504 गोमतीनगर से हर दोपहर 3:10 बजे (15:10) चलेगी. अपनी यात्रा के दौरान यह ट्रेन 15:25 बजे डॉलीगंज पहुंचेगी और 15:38 बजे आगे बढ़ेगी. इसके बाद यह 16:33 बजे सीतापुर जंक्शन पहुंचेगी (प्रस्थान 16:35 बजे) और 16:55 बजे सीतापुर सिटी में रुकेगी. शाम को यह 18:08 बजे शाहजहांपुर (प्रस्थान 18:10 बजे) और 19:05 बजे बरेली (प्रस्थान 19:07 बजे) पहुंचेगी. रात 8:35 बजे (20:35) मुरादाबाद पहुंचने के बाद (प्रस्थान 20:40 बजे), यह 21:54 बजे नजीबाबाद (प्रस्थान 21:56 बजे) और 22:42 बजे रुड़की (प्रस्थान 22:44 बजे) पर रुकेगी. यह वंदे भारत एक्सप्रेस उसी रात 23:50 बजे सहारनपुर पहुंचेगी.

सहारनपुर से गोमतीनगर का पूरा शेड्यूल

वापसी में ट्रेन संख्या 26503 सहारनपुर से सुबह जल्दी 5:05 बजे प्रस्थान करेगी. यह 5:40 बजे रुड़की (प्रस्थान 5:42 बजे) और 6:25 बजे नजीबाबाद (प्रस्थान 6:27 बजे) पर रुकेगी. सुबह 8:00 बजे मुरादाबाद पहुंचने पर (प्रस्थान 8:05 बजे), यहां ट्रेन में पानी की सप्लाई भी की जाएगी. इसके बाद यह 9:40 बजे बरेली (प्रस्थान 9:42 बजे) और 11:07 बजे शाहजहांपुर (प्रस्थान 11:09 बजे) पहुंचेगी. दोपहर में, ट्रेन 12:25 बजे सीतापुर सिटी और 12:28 बजे सीतापुर जंक्शन पहुंचेगी (प्रस्थान 12:30 बजे). इसके बाद 13:34 बजे डालीगंज (प्रस्थान 13:43 बजे) पर रुकेगी. यह वंदे भारत एक्सप्रेस दोपहर 2:05 बजे (14:05) गोमतीनगर पहुंचेगी.

यह नई वंदे भारत एक्सप्रेस सहारनपुर और लखनऊ के बीच आवागमन करने वाले यात्रियों के लिए समय की बचत के साथ-साथ एक प्रीमियम और आरामदायक यात्रा अनुभव सुनिश्चित करेगी.

ये भी पढ़ें: घूंघट में गिटार बजा रही ये वायरल दुल्हन कॉलेज में है प्रोफेसर, नाम है इनका तान्या, जानिए पूरी कहानी