सहारनपुर के अस्पताल में काम करने वाला डॉक्टर अदील कश्मीर जाकर कर आया कांड, पुलिस ने उठाया तो इसकी ये कहानी पता चली

राहुल कुमार

07 Nov 2025 (अपडेटेड: 07 Nov 2025, 05:18 PM)

सहारनपुर के एक निजी अस्पताल में तैनात डॉक्टर आदिल अहमद राठर को श्रीनगर पुलिस ने जैश-ए-मोहम्मद के पोस्टर लगाने के आरोप में गिरफ्तार किया है.

UPTak
Google CTA

सहारनपुर में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां के प्राइवेट अस्पताल में काम कर रहे डॉक्टर अदील अहमद राठर को जम्मू-कश्मीर की पुलिस उठा ले गई है. डॉक्टर आदिल के ऊपर एक ऐसा आरोप लगा है जिसे सुनकर आप चौंक जाएंगे. दावा किया जा रहा है कि सहारनपुर में तैनात ये डॉक्टर कश्मीर में जाकर आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के पोस्टर लगा रहा था. पुलिस के मुताबिक जब इस मामले से जुड़े सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए तो पोस्टर लगाने का आरोपी सहारनपुर का ये डॉक्टर अदील निकला. अब पुलिस डॉक्टर अदील को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर श्रीनगर चली गई है. 

यह भी पढ़ें...

क्या है डॉक्टर अदील की कहानी? 

डॉक्टर अदील मूल रूप से अनंतनाग (जम्मू-कश्मीर) का रहने वाला है. ये  MBBS डॉक्टर सहारनपुर के अंबाला रोड स्थित फेमस हॉस्पिटल में तैनात था. वो कुछ दिन पहले ही छुट्टी पर सहारनपुर से अपने घर अनंतनाग गया था.  पिछले दिनों कश्मीर में जैश ए मोहम्मद के पोस्टर लगाए जाने का मामला सामने आया था. ये वही वक्त था जब डॉक्टर आदिल छुट्टी पर कश्मीर गया हुआ था. शक के आधार पर इसकी जांच की गई. श्रीनगर पुलिस ने डॉक्टर के पैतृक गांव में परिजनों से पूछताछ की और मोबाइल सर्विलांस के जरिए उनकी लोकेशन ट्रेस की. सीसीटीवी फुटेज जांचे गए. डॉक्टर की लोकेशन सहारनपुर में मिली. इसके बाद कश्मीर पुलिस सीधे यहां पहुंची और एसएसपी आशीष तिवारी से मिलकर गिरफ्तारी की अनुमति ली. 

सहारनपुर की पुलिस ने क्या बताया? 

सहारनपुर की लोकल पुलिस के मुताबिक डॉक्टर के खिलाफ सहारनपुर में कोई मामला दर्ज नहीं था. श्रीनगर पुलिस ने मामले का पूरा विवरण और केस नंबर साझा किया है. इसके तहत आगे की पूछताछ होगी. डॉक्टर अदील इससे पहले दिल्ली रोड स्थित वी-ब्रॉस हॉस्पिटल में भी काम कर चुका है. 

अक्टूबर में हुई थी आदिल की शादी

4 अक्टूबर को डॉक्टर अदील की शादी हुई थी और वे कुछ दिनों की छुट्टी लेकर गए थे. एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि यह श्रीनगर का मामला है और आरोपी वहां वांछित था. स्थानीय पुलिस ने केवल सहयोग किया और आगे भी जम्मू-कश्मीर पुलिस को जरूरत के अनुसार मदद दी जाएगी.

डॉक्टर अदील फेमस हॉस्पिटल में काम कर रहा था. यहां के एडमिन इंचार्ज असलम जैदी के अनुसार डॉक्टर करीब छह महीने पहले अस्पताल में नियुक्त हुआ था. उसका व्यवहार हमेशा शांत और पेशेवर था.

यह भी पढ़ें: उत्तर पूर्व रेलवे में निकलीं अप्रेंटिस के 1104 पदों पर भर्ती, 10वीं और आईटीआई पास कर सकते हैं अप्लाई