Rampur Two Wife Dispute Case: उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले में दो पत्नियों के बीच चल रहे विवाद का ऐसा समाधान निकाला गया, जिसकी पूरे इलाके में चर्चा हो रही है. पहली पत्नी की शिकायत के बाद पंचायत बैठी और घंटों चली बातचीत के बाद पति के लिए ऐसा 'शेड्यूल' तय किया गया कि अब वह सप्ताह के तीन दिन पहली पत्नी के साथ और तीन दिन दूसरी पत्नी के साथ रहेगा. सप्ताह का सातवां दिन उसकी अपनी मर्जी पर छोड़ा गया है.
ADVERTISEMENT
शिकायत के बाद पहुंचा मामला पंचायत तक
मामला दढ़ियाल चौकी क्षेत्र का है. जानकारी के मुताबिक, युवक की पहली शादी करीब 14 साल पहले उत्तराखंड की एक युवती से हुई थी. दोनों की दो बेटियां हैं. करीब 10 साल बाद युवक ने पहली पत्नी की सहमति के बिना दूसरी शादी कर ली. दूसरी पत्नी से भी उसकी दो बेटियां हैं. बताया जाता है कि दूसरी शादी के बाद युवक ज्यादातर समय दूसरी पत्नी के साथ रहने लगा. पहली पत्नी का आरोप है कि पति न तो उसका खर्च उठा रहा था और न ही परिवार की जिम्मेदारी निभा रहा था. परेशान होकर वह सोमवार को पुलिस चौकी पहुंची और शिकायत दर्ज कराई.
गांव के लोगों ने बैठाई पंचायत
मामले की जानकारी मिलने पर दोनों पक्षों के परिजन और गांव के गणमान्य लोग आपसी समझौते के लिए पंचायत में बैठे. लंबे समय तक चली बातचीत के बाद पंचायत ने पति के रहने का पूरा कार्यक्रम तय कर दिया.
पति के लिए बना '3-3 दिन' का नियम
पंचायत के फैसले के अनुसार पति सप्ताह में तीन दिन पहली पत्नी के साथ और तीन दिन दूसरी पत्नी के साथ रहेगा. सप्ताह का बचा हुआ एक दिन वह अपनी इच्छा के अनुसार कहीं भी बिता सकेगा.
राशन और खर्च देने का भी आदेश
पंचायत ने यह भी तय किया कि पति हर महीने पहली पत्नी के घर पूरा राशन पहुंचाएगा. इसके अलावा पहली पत्नी के व्यक्तिगत खर्च के लिए हर सप्ताह 500 रुपये भी देगा. पंचायत का यह फैसला अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है.
ADVERTISEMENT











