Raebareli News: सोशल मीडिया पर रील बनाने के लिए रेलवे स्टेशन परिसर में ट्रैक्टर से स्टंट करना चार युवकों को महंगा पड़ गया. सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने मामले का संज्ञान लेते हुए त्वरित कार्रवाई की. टीम ने ट्रैक्टर को जब्त कर चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है.
ADVERTISEMENT
आरपीएफ पोस्ट प्रभारी ए.के. सिंह ने बताया कि हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें कुछ युवक ट्रैक्टर लेकर बछरावां रेलवे स्टेशन परिसर में घुसकर खतरनाक तरीके से स्टंट करते और रील बनाते दिखाई दे रहे थे. वीडियो की जांच में पुष्टि हुई कि यह घटना बछरावां रेलवे स्टेशन परिसर की ही है. इसके बाद आरपीएफ ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर बरामद कर लिया.
चार आरोपित गिरफ्तार, ट्रैक्टर जब्त
जांच में पता चला कि जब्त किया गया ट्रैक्टर बन्नावा निवासी पूजा दीक्षित के नाम पंजीकृत है. मामले में बन्नावा निवासी संतोष कुमार और अभिषेक, हरदोई निवासी संदीप तथा ट्रैक्टर चालक सुजीत को गिरफ्तार किया गया है. सभी आरोपितों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
यात्रियों की सुरक्षा से समझौता नहीं: जीआरपी थाना प्रभारी
जीआरपी थाना प्रभारी सचिन कुमार ने कहा कि रेलवे स्टेशन परिसर जैसे संवेदनशील स्थान पर इस तरह के स्टंट करना गंभीर अपराध है. इससे यात्रियों की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है और किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है. उन्होंने स्पष्ट किया कि रेलवे परिसर में कानून व्यवस्था और यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
ADVERTISEMENT











