Raebareli Electric Shock Death: खीरों थाना क्षेत्र के चकफेरशाह गाँव के बसावनखेडा मजरे में सोमवार एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया.जब घर के भीतर मोबाइल चार्ज करने गए 19 वर्षीय शुभम की करंट लगने से मौत हो गई.
ADVERTISEMENT
जानकारी के अनुसार, चकफेरशाह निवासी शुभम (19) पुत्र बजरंगी सुबह अपने घर में मोबाइल चार्ज करने के लिए बिजली के बोर्ड के पास गया.वह यह नहीं जानता था कि चार्जर का तार कहीं से कट गया था.जैसे ही उसने प्लग बोर्ड में चार्जर लगाया, वह कटे तार की चपेट में आ गया और करंट लगने से वहीं गिरकर तड़पता रह गया.
परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी
शुभम की चीख सुनकर परिजन और ग्रामीण दौड़े.आनन-फानन में उसे खीरों अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इस खबर ने पूरे परिवार और गाँव में शोक का माहौल पैदा कर दिया.
विकलांग माता-पिता का इकलौता सहारा खो गया
इस हादसे ने एक गरीब और संघर्षशील परिवार को गहरा सदमा दिया है.शुभम के माता-पिता—बजरंगी और सुशीला—दोनों पैरों से विकलांग हैं.शुभम ही इस परिवार का मुख्य सहारा था, जो कम उम्र में ही पिता के साथ खेतों में काम कर घर का खर्च चला रहा था. भाई कृष्णा (13) और बहन खुशबू (15) का रो-रोकर बुरा हाल है. माता-पिता बार-बार बेसुध हो रहे हैं और बार-बार यही पूछ रहे हैं—“अब हम विकलांगों को कौन संभालेगा?”
ग्रामीणों की सूचना पर सेमरी चौकी इंचार्ज कुलदीप सिंह बुंदेला अपनी फोर्स के साथ खीरों अस्पताल पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया. पुलिस अधिकारी बताते हैं कि प्रारंभिक जांच में यह शॉर्ट सर्किट और कटे तार से करंट लगने का मामला प्रतीत होता है.
यह हृदयविदारक हादसा एक बार फिर बिजली उपकरणों के सुरक्षित उपयोग की अहमियत को उजागर करता है. फिलहाल, चकफेरशाह गाँव में सन्नाटा पसरा हुआ है और हर आंख नम है.
ADVERTISEMENT










