Raebareli News: जिला अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों के लिए राहत भरी खबर है. अब अस्पताल परिसर में डॉक्टरों के कक्ष, ओपीडी, दवा काउंटर और जांच केंद्र खोजने के लिए मरीजों को इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा. अस्पताल प्रशासन मरीजों की सुविधा के लिए पब्लिक अनाउंसमेंट (PA) सिस्टम शुरू करने जा रहा है, जिसकी टेस्टिंग भी शुरू कर दी गई है.
ADVERTISEMENT
शासन के निर्देश पर अस्पताल परिसर में लाउडस्पीकर लगाए जा रहे हैं, जिनके माध्यम से मरीजों को डॉक्टरों की उपलब्धता, कक्ष संख्या, दवा वितरण केंद्र, जांच सुविधाओं और अन्य आवश्यक सूचनाएं समय-समय पर प्रसारित की जाएंगी. इसके लागू होने के बाद मरीजों का समय बचेगा और उन्हें जानकारी के लिए किसी पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा.
दवा और सफाई का संदेश भी देगा सिस्टम
अस्पताल परिसर की दीवारों पर "दवा, दुआ और सफाई" का संदेश प्रमुखता से लिखा जा रहा है. इसके साथ ही लाउडस्पीकरों के माध्यम से मरीजों और तीमारदारों को स्वच्छता, स्वास्थ्य जागरूकता और अस्पताल की व्यवस्थाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी जाएंगी.
अब तक मरीजों को होती थी परेशानी
ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को अक्सर यह पता लगाने में काफी समय लग जाता था कि कौन-सा डॉक्टर किस कमरे में बैठता है, दवा कहां से मिलेगी या जांच किस विभाग में होगी. सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक चलने वाली ओपीडी के दौरान मरीजों का काफी समय केवल जानकारी जुटाने और अस्पताल परिसर में भटकने में ही निकल जाता था.
CMS कक्ष के पास बनेगा कंट्रोल रूम
पूरे पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम के संचालन के लिए मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (CMS) कक्ष के पास एक कंट्रोल रूम स्थापित किया जा रहा है. यहीं से पूरे अस्पताल परिसर में घोषणाएं प्रसारित की जाएंगी. अस्पताल के विभिन्न हिस्सों में लगाए जा रहे लाउडस्पीकरों के जरिए हर मरीज तक आवश्यक सूचना आसानी से पहुंच सकेगी.
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पुष्पेंद्र कुमार ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार जिला अस्पताल में मरीजों की सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है. पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम की टेस्टिंग शुरू हो चुकी है और जल्द ही इसे पूरी तरह संचालित कर दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से मरीजों और उनके परिजनों को बड़ी राहत मिलेगी तथा अस्पताल में उनकी आवाजाही अधिक सुगम होगी.
ADVERTISEMENT










