Raebareli Accident: डलमऊ कोतवाली क्षेत्र के सेमौरी गांव में बिजली करंट से एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई. कपड़े सुखाने के दौरान करंट की चपेट में आने से 45 वर्षीय अनिल कुमार यादव की जान चली गई. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई.
ADVERTISEMENT
नहाने के बाद कपड़े सुखाने गया था युवक
जानकारी के अनुसार, सेमौरी गांव निवासी अनिल कुमार यादव (45), पुत्र स्वर्गीय महादेव यादव, मंगलवार रात करीब 10:30 बजे नहाने के बाद अपने गीले कपड़े सुखाने के लिए घर के पास बंधे एक केबल तार के पास पहुंचे. अंधेरे के कारण उन्हें यह पता नहीं चल सका कि तार का एक हिस्सा कटकर खुला हुआ था और उसमें बिजली प्रवाहित हो रही थी. जैसे ही उन्होंने तार पर कपड़ा डालने का प्रयास किया, उनका हाथ खुले हिस्से से छू गया और वह तेज करंट की चपेट में आ गए.
परिजनों में मचा हड़कंप
अनिल को करंट लगते ही घर में अफरा-तफरी मच गई. परिजनों और ग्रामीणों ने तत्काल बिजली आपूर्ति बंद कराई और उन्हें गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) डलमऊ पहुंचाया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया. परिजन उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
गांव में शोक की लहर
घटना की जानकारी मिलते ही गांव में शोक का माहौल छा गया. मृतक के घर पर ग्रामीणों और रिश्तेदारों की भीड़ जुट गई. परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है.
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की. डलमऊ कोतवाली प्रभारी राघवन सिंह ने बताया कि बिजली के तार से करंट लगने के कारण अनिल कुमार यादव की मौत हुई है. पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
ADVERTISEMENT









