प्रयागराज के हंडिया इलाके में मंगलवार शाम उस वक्त सनसनी फैल गई जब समाजवादी पार्टी के जिला सचिव और पूर्व प्रधान पवन यादव की दिनदहाड़े गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई. कैफे से चाय पीकर बाहर निकल रहे पवन यादव पर बाइक सवार तीन हमलावरों ने अंधाधुंध फायरिंग की और मौके से फरार हो गए. अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. इस वारदात के बाद जहां पोस्टमार्टम हाउस के बाहर भारी पुलिस बल की मौजूदगी में सपा कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा. वहीं समाजवादी पार्टी ने सोशल मीडिया पर प्रदेश सरकार की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं.
ADVERTISEMENT
चाय पीकर बाहर निकलते ही बदमाशों ने घेरा
घटना मंगलवार शाम लगभग 5:00 बजे की है. हंडिया इलाका जहां पवन यादव शाम के वक्त एक कैफे में चाय पीने पहुंचे थे. जैसे ही पवन कैफे से बाहर निकले, एक बाइक पर सवार होकर आए 3 बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और गोलियां बरसा दीं. गोलियों से छलनी पवन यादव को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें बचाना नामुमकिन बताया और मृत घोषित कर दिया.
पुलिस का एक्शन
हत्याकांड के बाद हरकत में आई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपियों को धर दबोचा. पुलिस ने मामले में शामिल लल्ला यादव, विनोद यादव और निहाल अली को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस के मुताबिक निहाल बाइक चला रहा था, एक आरोपी बीच में बैठा था और सबसे पीछे बैठे लल्ला यादव ने पवन यादव पर फायर किया था. पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक और दो अवैध तमंचे भी बरामद कर लिए हैं.
2018 का पुराना विवाद या चुनावी रंजिश?
हत्या के कारणों को लेकर दो प्रमुख बातें सामने आ रही हैं. मृतक पवन यादव के भाई का आरोप है कि साल 2018 में भी पवन पर जानलेवा हमला हुआ था जिसमें बम तक दागे गए थे और गोलियां चली थीं. तब वह किसी तरह बच गए थे और उसी दुश्मनी में अब उनकी हत्या की गई है. पुलिस इस हत्याकांड को प्रधानी और स्थानीय चुनावी रंजिश से भी जोड़कर जांच कर रही है.
सपा का सरकार पर तीखा हमला
वारदात के बाद पोस्टमार्टम हाउस के बाहर सपा समर्थकों की भारी भीड़ जमा हो गई. वहीं समाजवादी पार्टी के आधिकारिक 'X' (ट्विटर) हैंडल से ट्वीट कर सरकार को घेरा गया 'भाजपा राज में उत्तर प्रदेश में अपराध व अराजकता चरम पर. प्रयागराज के हंडिया में सपा के जिला सचिव पवन कुमार यादव की हत्या अत्यंत दुखद और हृदय विदारक घटना है. शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं। हत्यारों की जल्द से जल्द हो गिरफ्तारी, दोषियों को मिले कठोरतम सजा.'
आगे का रुख
प्रयागराज में सपा नेता की हत्या के बाद से माहौल गरमाया हुआ है. एक तरफ जहां पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर कड़ी कानूनी कार्रवाई में जुटी है. वहीं दूसरी तरफ इस राजनीतिक हत्याकांड को लेकर सपा के शीर्ष नेतृत्व के अगले रुख पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं.
ADVERTISEMENT










