Prayagraj Swaminarayan Temple Collapse News: प्रयागराज में शुक्रवार देर रात बड़ा हादसा हो गया. जॉर्ज टाउन थाना क्षेत्र में स्थित स्वामीनारायण मंदिर का तीन मंजिला हिस्सा अचानक भरभराकर निर्माण कार्य के लिए खोदे गए बड़े गड्ढे में गिर गया. घटना के बाद मंदिर परिसर और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई. राहत की बात रही कि हादसे के वक्त मंदिर के इस हिस्से में कोई मौजूद नहीं था, इसलिए किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.
ADVERTISEMENT
तीन-चार महीने से चल रहा था निर्माण कार्य
जानकारी के मुताबिक स्वामीनारायण मंदिर के पीछे पिछले करीब तीन-चार महीने से निर्माण कार्य चल रहा था. इसके लिए मंदिर की पिछली तरफ काफी बड़ा गड्ढा खोदा गया था. लगातार बारिश के कारण इस गड्ढे में पानी भी भर जाता था. इन दिनों बारिश की वजह से निर्माण कार्य बंद था. इसी दौरान देर रात मंदिर का पिछला तीन मंजिला हिस्सा अचानक नीचे गिर गया.
शुरुआती जानकारी के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे में बारिश का पानी भरने और मिट्टी खिसकने से मंदिर के पीछे की जमीन कमजोर हो गई. इसका असर मंदिर की नींव पर पड़ा और देर रात संरचना का एक हिस्सा अचानक भरभराकर गड्ढे में जा गिरा. देखते ही देखते तीन मंजिला हिस्सा निर्माण स्थल में समा गया. हालांकि, मंदिर का हिस्सा गिरने की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.
हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस
मंदिर का हिस्सा गिरने की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए. अचानक हुई घटना से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद जॉर्ज टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. हादसे के दौरान कोई व्यक्ति मलबे की चपेट में नहीं आया, जिससे बड़ी जनहानि टल गई.
मंदिर की सुरक्षा की होगी जांच
फिलहाल पुलिस और प्रशासन हादसे के कारणों की जानकारी जुटा रहे हैं. शुरुआती तौर पर निर्माण के लिए खोदा गया गड्ढा और उसमें जमा बारिश का पानी मंदिर के हिस्से के गिरने की संभावित वजह माने जा रहे हैं. प्रशासन की ओर से निर्माण स्थल के साथ मंदिर की संरचना की सुरक्षा को लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है.
ADVERTISEMENT











