बीएचयू से पीएचडी और फर्रुखाबाद से ताल्लुक... जानिए कौन हैं सोशल मीडिया पर छाईं स्टूडेंट लीडर सोनाली यादव?

सुषमा पांडेय

• 10:19 AM • 09 Oct 2026

प्रयागराज में महिला सुरक्षा को लेकर फ्रीडम मार्च का नेतृत्व करने वाली आयशा (AISA) नेता सोनाली यादव का वीडियो वायरल. जानिए कौन हैं फर्रुखाबाद की सोनाली यादव.

Sonali Yadav

Sonali Yadav

Google CTA

प्रयागराज में महिला सुरक्षा, यौन उत्पीड़न के खिलाफ और महिलाओं की आजादी की मांग को लेकर छात्राओं ने सड़कों पर उतरकर एक विशाल 'फ्रीडम मार्च' निकाला. यह मार्च लल्ला चुंगी स्थित महिला छात्रावास से शुरू होकर चंद्रशेखर आजाद पार्क (कंपनी गार्डन) तक गया. इस मार्च में सैकड़ों छात्राओं ने हिस्सा लिया. इस प्रदर्शन को ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की नेता और प्रयागराज से पीएचडी कर रही छात्रा सोनाली यादव ने लीड किया. प्रदर्शन के दौरान सोनाली यादव की नारेबाजी और बुलंद आवाज का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसकी तुलना जंतर-मंतर के आंदोलनों से की जा रही है.

यह भी पढ़ें...

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो को योगिता भयाना समेत कई प्रमुख हस्तियों और सोशल मीडिया यूजर्स ने शेयर किया है. वीडियो में छात्राएं देश में आजादी के 75 साल बाद भी महिलाओं की सुरक्षा और उनके अधिकारों को लेकर सवाल उठाती नजर आ रही हैं. हालांकि, इस प्रदर्शन को लेकर सोशल मीडिया पर यह भ्रम भी फैला कि यह चुनाव आयोग के खिलाफ हो रहा प्रदर्शन है, लेकिन बाद में स्पष्ट हुआ कि यह विरोध प्रदर्शन पूरी तरह से महिला सुरक्षा, दिल्ली व अन्य जगहों पर हुई घटनाओं और महिलाओं के अधिकारों से जुड़ा हुआ था.

कौन हैं सोनाली यादव?

सोनाली यादव मूल रूप से उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले की रहने वाली हैं. उनके पिता एक व्यापारी हैं. सोनाली ने साल 2020 में बीएचयू से साइकोलॉजी ऑनर्स में ग्रेजुएशन और 2022 में एमए पूरा किया, जिसके बाद वह पीएचडी कर रही हैं. एमए की पढ़ाई के दौरान सीएए-एनआरसी (CAA-NRC) आंदोलन के समय पुलिस कार्रवाई से प्रभावित होकर उन्होंने छात्र राजनीति और आयशा (AISA) में कदम रखा था. सोनाली का कहना है कि वे डॉ. बी.आर. आंबेडकर और सावित्रीबाई फुले से प्रेरित हैं और भविष्य में भी समानता की बात करने वाली वामपंथी राजनीति के माध्यम से सामाजिक न्याय के लिए काम करती रहेंगी.

यहां देखें वीडियो रिपोर्ट

ये भी पढ़ें: प्रयागराज में सपा नेता पवन यादव की हत्या के पीछे की असली वजह आ गई सामने!