5 लाख का इनामी शूटर 3 साल से था फरार... उमेश पाल हत्याकांड में अतीक के शूटर अरमान की लोकेशन आई सामने

आनंद राज

04 Oct 2026 (अपडेटेड: 05 Oct 2026, 12:28 PM)

प्रयागराज के चर्चित उमेश पाल हत्याकांड में करीब तीन साल से फरार चल रहा 5 लाख रुपये का इनामी आरोपी अरमान उर्फ अरमान बिहारी बिहार की जेल में बंद मिला है. प्रयागराज पुलिस जिसे यूपी समेत कई राज्यों में तलाश रही थी, उसके गया जेल में बंद होने की जानकारी सामने आई है.

Umesh Pal murder case

Umesh Pal Murder Case

Google CTA

Umesh Pal Murder Case Arman Bihari News: प्रयागराज के चर्चित उमेश पाल हत्याकांड में करीब तीन साल से फरार चल रहा 5 लाख रुपये का इनामी आरोपी अरमान उर्फ अरमान बिहारी बिहार की जेल में बंद मिला है. प्रयागराज पुलिस जिसे यूपी समेत कई राज्यों में तलाश रही थी, उसके गया जेल में बंद होने की जानकारी सामने आई है. पुलिस अब उसे रिमांड पर लेकर प्रयागराज लाने की तैयारी कर रही है. पुलिस अरमान को उमेश पाल हत्याकांड का शूटर और माफिया अतीक अहमद के गिरोह से जुड़ा आरोपी बताती है. 24 फरवरी 2023 को उमेश पाल और उनके दो सरकारी गनर की गोली और बम से हत्या कर दी गई थी.

यह भी पढ़ें...

CCTV फुटेज में सामने आई थी अरमान की पहचान

उमेश पाल और उनके सरकारी गनर पर हमला प्रयागराज के धूमनगंज इलाके के सुलेम सराय में हुआ था. वारदात के बाद सामने आए CCTV फुटेज की जांच में अरमान की पहचान एक शूटर के तौर पर हुई थी. आरोप है कि उसने उमेश पाल और उनके सुरक्षाकर्मियों पर गोलियां चलाई थीं. पुलिस जांच में उसका कनेक्शन अतीक अहमद के गिरोह से सामने आया था. मूल रूप से बिहार का रहने वाला अरमान प्रयागराज के सिविल लाइंस इलाके में रहता था और वहीं काम करता था.

अरमान, गुड्डू मुस्लिम और साबिर पर दाखिल हुई थी चार्जशीट

पुलिस ने उमेश पाल हत्याकांड के मामले में अरमान, गुड्डू मुस्लिम और साबिर के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी. तीनों पर पांच-पांच लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था. हत्याकांड के बाद अरमान प्रयागराज से फरार हो गया था. इसके बाद प्रयागराज पुलिस उसकी तलाश में कई जगहों पर दबिश देती रही. लंबे समय तक उसका कोई सुराग नहीं मिलने के कारण वह पुलिस की पकड़ से बाहर बना रहा.

सासाराम में सरेंडर की चर्चा भी सामने आई थी

अरमान के फरार होने के बाद साल 2023 में उसके बिहार के सासाराम में किसी पुराने मुकदमे में सरेंडर करने की चर्चा सामने आई थी. हालांकि, उस समय प्रयागराज पुलिस के अधिकारियों ने इसकी पुष्टि नहीं की थी. अब अरमान के गया जेल में बंद होने की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस उसे रिमांड पर प्रयागराज लाने की तैयारी कर रही है. इसके बाद हत्याकांड से जुड़े कई सवालों पर उससे पूछताछ की जा सकती है.

रिमांड के बाद खुल सकते हैं कई राज

प्रयागराज लाए जाने के बाद पुलिस अरमान से उमेश पाल हत्याकांड की साजिश और वारदात में उसकी भूमिका को लेकर पूछताछ करेगी. इसके अलावा यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि हत्या के बाद वह कहां-कहां छिपा, बिहार कैसे पहुंचा और फरार होने के दौरान किन लोगों ने उसकी मदद की. पुलिस हत्याकांड से जुड़े दूसरे आरोपियों के साथ उसके संपर्क के बारे में भी जानकारी जुटा सकती है. बता दें अरमान के खिलाफ इस मामले में पहले ही आरोपपत्र दाखिल हो चुका है.

जया पाल को बीजेपी में मिला बड़ा पद

शनिवार को उमेश पाल की पत्नी जया पाल बीजेपी उत्तर प्रदेश पिछड़ा वर्ग की मंत्री बनने के बाद पहली बार प्रयागराज पहुंचीं. इसी दौरान उन्हें दो बड़ी खबरें मिलीं. एक तरफ बीजेपी पिछड़ा वर्ग में मंत्री बनने की जानकारी थी, वहीं दूसरी तरफ उनके पति की हत्या में शामिल बताए जा रहे अरमान बिहारी के सुराग मिलने की खबर सामने आई. जया पाल ने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके साथ इंसाफ किया है.

जया पाल बोलीं- अरमान का भी वही हश्र होना चाहिए

अरमान बिहारी के बिहार की जेल में मिलने की जानकारी पर जया पाल ने अपनी प्रतिक्रिया भी दी. उन्होंने कहा कि वह चाहती हैं कि अरमान बिहार का भी वही हश्र हो, जो उसने उनके पति उमेश पाल और उनके दो सरकारी गनर के साथ किया था. अब प्रयागराज पुलिस की तैयारी अरमान को रिमांड पर लेकर प्रयागराज लाने की है. इसके बाद पूछताछ में उसकी फरार होने और उमेश पाल हत्याकांड में उसकी भूमिका से जुड़े सवालों के जवाब सामने आने की उम्मीद है.