Surya Chauhan Murder Case: गाजियाबाद के खोड़ा इलाके में हुए सूर्या चौहान हत्याकांड ने बीते करीब 50 घंटों तक पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बनाए रखा. बकरीद के दिन हुई इस सनसनीखेज हत्या ने लोगों को झकझोर कर रख दिया था. मामले में पुलिस को आज बड़ी सफलता मिली, जब इंदिरापुरम इलाके में मुख्य आरोपी असद पुलिस मुठभेड़ में मारा गया. पुलिस के मुताबिक, आरोपी असद चोरी के पैसों के साथ फरार था और खोड़ा क्षेत्र में अपने एक साथी से मिलने आने वाला था. सूचना मिलने के बाद पुलिस ने इलाके में व्यापक स्तर पर घेराबंदी और छापेमारी शुरू की.
ADVERTISEMENT
पुलिस ने वसुंधरा क्षेत्र में संदिग्ध बाइक सवार युवकों को रोकने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान असद ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस और आरोपी के बीच करीब दस राउंड गोलियां चलीं, जिसमें असद को गोली लगने से उसकी मौत हो गई. पुलिस ने आरोपी असद पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया हुआ था. बताया जा रहा है कि एनकाउंटर इंदिरापुरम क्षेत्र के अंदर करीब 500 से 700 मीटर दूर एक सुनसान जगह पर हुआ, जहां पुलिस ने पहले से जाल बिछाकर आरोपी को पकड़ने की योजना बनाई थी. हालांकि, पुलिस को देखते ही आरोपी ने गोलीबारी शुरू कर दी, जिसमें एक पुलिस कांस्टेबल भी घायल हो गया. इस दौरान असद का एक साथी बाइक से भागने में सफल रहा.
पुलिस अब मामले के पांचवें आरोपी की तलाश में जुटी हुई है, जबकि तीन अन्य आरोपियों को पहले ही हिरासत में लिया जा चुका है. मृतक सूर्या चौहान के परिवार का कहना है कि जब तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होगी, उन्हें न्याय नहीं मिलेगा. घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही, लेकिन पुलिस कार्रवाई के बाद माहौल धीरे-धीरे सामान्य हो रहा है. पुलिस लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है और फरार आरोपी को जल्द पकड़ने की कोशिशें जारी हैं. इस पूरे घटनाक्रम को गाजियाबाद की कानून व्यवस्था के लिए अहम माना जा रहा है, जहां पुलिस की तत्परता ने हालात को नियंत्रित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है.
ADVERTISEMENT









