Etawah Student Murder Case: इटावा के थाना भरतना क्षेत्र के गांव बंधाल निवासी 25 वर्षीय मनीष यादव अब इस दुनिया में नहीं हैं. मनीष प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे और अपने परिवार का सहारा बनने की राह पर थे. 18 फरवरी 2026 को मनीष रोज की तरह सुबह 7 बजे कोचिंग के लिए घर से निकले थे. लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटे। परिवार ने जब हर जगह तलाश कर ली और कोई सुराग नहीं मिला तो पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई गई.
ADVERTISEMENT
बोरी में बंद मिला शव, शरीर पर मिले चोट के निशान
दो दिन की तलाश के बाद 20 फरवरी की सुबह थाना इगदिल क्षेत्र के चित भवन रेलवे क्रॉसिंग के पास एक लावारिस बोरी मिलने से सनसनी फैल गई. जब पुलिस ने बोरी खोलकर देखा तो उसमें एक युवक का शव था. शिनाख्त के लिए जब मनीष के परिजन पहुंचे तो वहां का मंजर देख सबकी चीखें निकल गईं. मनीष का जबड़ा टूटा हुआ था और शरीर पर गंभीर चोट के निशान थे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
जमीनी रंजिश में हत्या का आरोप
मृतक के पिता राजवीर यादव ने बिलखते हुए बताया कि उनका कुछ लोगों से जमीनी विवाद चल रहा था.उन्होंने आरोप लगाया कि रंजिश के चलते उनके बेटे का अपहरण किया गया और फिर उसकी निर्मम हत्या कर शव को रेलवे ट्रैक के पास फेंक दिया गया. पिता ने कहा, "मनीष ने जूनियर असिस्टेंट की परीक्षा दी थी जिसकी टाइपिंग हो चुकी थी और मेरिट आनी बाकी थी. उसने पुलिस की परीक्षा भी दी थी। मेरा बेटा बस सरकारी नौकरी पाने ही वाला था.लेकिन उससे पहले ही उसे हमसे छीन लिया गया.
पुलिस की कार्रवाई और जांच
इस पूरे मामले पर पुलिस का कहना है कि रेलवे से सूचना मिलने के बाद शव को बरामद किया गया. इगदिल पुलिस के अनुसार, पोल नंबर 627 के पास शव मिला था. परिजनों द्वारा शिनाख्त किए जाने के बाद अब पुलिस हत्या और अपहरण के पहलुओं पर जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की सटीक जानकारी मिल सकेगी.
ADVERTISEMENT









