उत्तर प्रदेश के रामपुर से एक ऐसी खौफनाक तस्वीर सामने आई है जिसने राज्य की कानून व्यवस्था और सरकारी दफ्तरों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. 11 फरवरी को जिला पंचायत कार्यालय के भीतर अधिवक्ता फारुख की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई. अब इस पूरी वारदात का रोंगटे खड़े कर देने वाला सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
ADVERTISEMENT
चेंबर के अंदर क्या हुआ?
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि वकील फारुख अपने एक साथी के साथ गुस्से में जिला पंचायत कर्मचारी अजगर अली के चेंबर में दाखिल होते हैं. वीडियो में फारुख और अजगर अली के बीच तीखी बहस और मारपीट होती दिख रही है. फारुख, अजगर अली पर हाथ उठाते नजर आते हैं. इसी गहमागहमी के बीच अजगर अली अपनी दराज से अवैध तमंचा निकाल लेता है. तमंचा देखते ही चेंबर में मौजूद अन्य लोगों में भगदड़ मच जाती है. फारुख खुद को बचाने के लिए अजगर अली का हाथ पकड़ने और तमंचा हटाने की कोशिश करते हैं. लेकिन इसी छीना-झपटी में अजगर अली सीधा फारुख पर गोली चला देता है. गोली लगते ही फारुख कुर्सी पर गिरकर तड़पने लगते हैं और आरोपी वहां से फरार हो जाता है.
भागते समय पत्नी पर भी किया हमला
वारदात का एक और वीडियो सामने आया है जिसमें आरोपी की क्रूरता साफ दिखती है. दफ्तर से भागते वक्त आरोपी अजगर अली का सामना मृतक फारुख की पत्नी से होता है जो उसी कार्यालय में कार्यरत हैं. आरोपी वहां भी नहीं रुकता और भागते-भागते मृतक की पत्नी को बेरहमी से पीटता हुआ दफ्तर से बाहर निकल जाता है. हथियार हाथ में होने के कारण मौके पर मौजूद भीड़ उसे पकड़ने की हिम्मत नहीं जुटा पाती.
पुलिस की कार्रवाई और विवाद की वजह
मामले की गंभीरता को देखते हुए रामपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अजगर अली को गिरफ्तार कर लिया है. शुरुआती जांच में सामने आया है कि फारुख की पत्नी और अजगर अली के बीच किसी बात को लेकर पुराना विवाद चल रहा था जिसे सुलझाने या उसी सिलसिले में बात करने फारुख वहां पहुंचे थे.
पुलिस अधीक्षक का बयान
इस पूरे मामले पर बात करते हुए पुलिस अधीक्षक ने कहा कि 'जिला पंचायत कार्यालय में अधिवक्ता फारुख अपनी पत्नी से मिलने गए थे जो वहीं कार्यरत हैं. वहीं तैनात कर्मचारी अजगर अली के चेंबर में दोनों के बीच कहासुनी हुई जिसके बाद अजगर ने गोली मार दी. फारुख को अस्पताल ले जाया गया जहां उनकी मृत्यु हो गई. आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और विधिक कार्रवाई जारी है.'
ADVERTISEMENT









