गाजियाबाद में बीजेपी नेता के घर एक के बाद एक कई धमाके से हिला मोहल्ला, पड़ोसी के छत पर कूदकर बचाई जान

गाजियाबाद के थाना शालीमार गार्डन क्षेत्र में बीजेपी नेता के घर देर रात तेज धमाकों के बाद अचानक भयानक आग लग गई. धमाकों की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग दहशत में आ गए. परिवार के सदस्यों ने साहस दिखाते हुए छत के रास्ते पड़ोसी मकान के जरिए अपनी जान बचाई.

यूपी तक

• 12:15 PM • 13 Feb 2026

follow google news

BJP leader house fire: गाजियाबाद के थाना शालीमार गार्डन क्षेत्र की डीएफएल कॉलोनी भोपुरा में बुधवार देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया जब भाजपा के एक वरिष्ठ नेता के घर में जोरदार धमाकों के साथ भीषण आग लग गई. यह घर भाजपा के पश्चिमी उत्तर प्रदेश इकाई के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष मानसिंह गोस्वामी का है. घटना के वक्त पूरा परिवार घर के अंदर सो रहा था जो बाल-बाल बच गया.

यह भी पढ़ें...

पड़ोसी की छत पर कूदकर बचाई जान

परिजनों के मुताबिक, घटना बुधवार रात करीब 12.30 बजे की है. अचानक दो से तीन जोरदार धमाके हुए जिससे न केवल घर बल्कि पूरा मोहल्ला दहल गया. धमाकों के तुरंत बाद घर में आग की लपटें उठने लगीं. धुआं इतनी तेजी से फैला कि मुख्य द्वार से बाहर निकलना नामुमकिन हो गया. दम घुटते देख मानसिंह गोस्वामी और उनके परिवार ने साहस दिखाया. वे जान बचाने के लिए छत पर भागे और वहां से पड़ोसी के मकान के छज्जे पर छलांग लगा दी. दूसरी बिल्डिंग के रास्ते नीचे उतरकर परिवार ने सुरक्षित अपनी जान बचाई.

इस घटना को लेकर भाजपा नेता मानसिंह गोस्वामी ने बेहद चौंकाने वाला बयान दिया है. उन्होंने इसे महज एक हादसा मानने से इनकार कर दिया है. नेता का दावा है कि धमाकों के जरिए सबसे पहले घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों को उड़ाया गया ताकि कोई सबूत न बचे. उन्होंने आशंका जताई कि यह कोई बोतल बम या रासायनिक बम हो सकता है क्योंकि आवाज बहुत तेज थी. मानसिंह गोस्वामी ने बताया कि 10 फरवरी को उनके छोटे भाई की कुछ अज्ञात लोगों से कहासुनी और हाथापाई हुई थी. उन्हें शक है कि उसी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया है.

फायर ब्रिगेड को हुई दिक्कत

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. लेकिन संकरी गली और सड़क पर खड़े वाहनों के कारण फायर ब्रिगेड को घर तक पहुंचने में काफी मशक्कत करनी पड़ी. स्थानीय लोगों और दमकलकर्मियों ने मिलकर कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया. इस अग्निकांड में घर का काफी सामान जलकर खाक हो गया है. शालीमार गार्डन के एसीपी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. धमाकों की असली वजह क्या थी और क्या इसमें कोई बाहरी तत्व शामिल था इसका पता लगाने के लिए फॉरेंसिक टीम की भी मदद ली जा रही है.

ये भी पढ़ें: शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद के समर्थन में खड़े हुए योगी सरकार के पूर्व मंत्री सुनील भराला, पत्र लिख कर दी ये बड़ी मांग