उत्तर प्रदेश के जौनपुर में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां दो पुलिसकर्मियों ने एक मोबाइल शोरूम से बड़ी सफाई से iPhone 15 चुरा लिया. यह पूरी घटना सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई, जिसके बाद विभाग में हड़कंप मच गया और दोनों पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया. मामला जौनपुर का लाइन बाजार थाना क्षेत्र का है. यहां एक मोबाइल शोरूम में धनंजय और मिथिलेश नाम के दो पुलिसकर्मी ग्राहक बनकर घुसे.
ADVERTISEMENT
वे काउंटर पर बैठी महिला कर्मचारी से iPhone 15 दिखाने को कहते हैं. इसी दौरान, लैपटॉप की आड़ में बहुत ही शातिराना तरीके से एक पुलिसकर्मी अपना पुराना फोन निकालता है और उसे शोरूम के नए iPhone 15 से बदल लेता है. चोरी के दौरान दोनों एक-दूसरे को देखकर मुस्कुराते भी हैं.
शोरूम मालिक का दर्द
शोरूम मालिक ने बेहद भावुक होकर बताया कि वह रात भर से परेशान था और उसने कुछ खाया-पिया भी नहीं. उसने कहा कि हमें पुलिस वालों पर शर्म आती है. दुकान पर हमारी बहनें 12-12 घंटे काम करती हैं और ये वर्दी वाले मुस्कुराकर चोरी कर रहे हैं. अगर रक्षक ही भक्षक बन जाएंगे तो जनता किस पर भरोसा करेगी?
सीसीटीवी फुटेज वायरल होने के बाद एसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव ने तुरंत संज्ञान लिया. दोषी दोनों आरक्षियों (कांस्टेबल्स) को निलंबित कर दिया गया है. शोरूम मालिक को उसका चोरी हुआ iPhone 15 वापस दिलवा दिया गया है. इस पूरे मामले की जांच सहायक पुलिस अधीक्षक को सौंपी गई है और जांच के बाद सख्त दंडात्मक कार्रवाई की बात कही गई है. जौनपुर में यह मामला इस समय चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग पुलिस की इस कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं.
ADVERTISEMENT









