क्या कोई पति अपनी पत्नी को खुद अपने हाथों से उसके प्रेमी के साथ विदा कर सकता है? बुलंदशहर के राजकुमार की कहानी कुछ ऐसी ही है. 7 साल की शादी और एक बच्चे के बाद राजकुमार की जिंदगी में उस वक्त तूफान आ गया जब उसे अपनी पत्नी के प्रेम प्रसंग का पता चला. बात सिर्फ धोखे तक सीमित नहीं रही, बल्कि आरोप है कि पत्नी ने राजकुमार और उसके भाइयों को जान से मारने की धमकी दी. फेसबुक पर 'नीले ड्रम और सीमेंट' वाली पोस्ट देखकर राजकुमार इस कदर डर गया कि उसे अपनी जान बचाने का यही एक रास्ता सूझा कि वह अपनी पत्नी को उसकी मर्जी के मुताबिक प्रेमी के साथ जाने दे. महिला मेडिएशन सेंटर में सबकी मौजूदगी में पति ने भारी मन और सुरक्षा की चिंता के बीच अपनी पत्नी को विदा कर दिया.
ADVERTISEMENT
सोशल मीडिया से शुरू हुई बर्बादी की कहानी
राजकुमार एक साधारण मजदूर है. उसकी शादी 7 साल पहले हुई थी और उनका एक छोटा बच्चा भी है. राजकुमार का आरोप है कि उसकी पत्नी का संपर्क मानकर अरा के रहने वाले मुकेश नाम के युवक से हुआ. धीरे-धीरे यह दोस्ती प्यार में बदली और पत्नी चोरी-छिपे मुकेश से मिलने लगी. एक बार वह 6 महीने के बच्चे को छोड़कर एक महीने तक मुकेश के साथ रहकर भी आई थी.
आपत्तिजनक तस्वीरें और 'नीले ड्रम' का खौफ
राजकुमार ने बताया कि जब उसने शक होने पर पत्नी का मोबाइल चेक किया, तो उसमें मुकेश के साथ उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो मिले. जब उसने विरोध किया तो पत्नी ने उसे और उसके चारों भाइयों को मरवाने की धमकी दी. राजकुमार के मुताबिक, फेसबुक पर एक पोस्ट डाली गई थी जिसमें 'नीले ड्रम में सीमेंट भरकर खत्म करने' का जिक्र था जिसने उसे बुरी तरह डरा दिया.
घर में क्लेश और बच्चे की अनदेखी
पति का आरोप है कि प्रेमी के चक्कर में पत्नी ने घर के काम करना बंद कर दिया था.वह न तो खाना बनाती थी और न ही कपड़े धोती थी. हद तो तब हो गई जब वह छोटे बच्चे के गंदगी वाले कपड़ों को साफ करने के बजाय छत से नीचे फेंक देती थी. घर में हर रोज होने वाले झगड़ों और धमकियों से तंग आकर राजकुमार पुलिस के पास पहुंचा.
महिला सेल में फैसला और अनोखी विदाई
मामला बुलंदशहर के महिला मेडिएशन सेंटर पहुंचा.वहां जब अधिकारियों ने पत्नी से पूछा कि वह किसके साथ रहना चाहती है तो उसने सबके सामने बेझिझक प्रेमी मुकेश का नाम लिया. राजकुमार ने पुलिस से कहा, "जब यह उसके साथ ही जाना चाहती है, तो मैं अपनी जान खतरे में क्यों डालूं? मैं इसे अपने हाथ से विदा करता हूं." इसके बाद राजकुमार ने पत्नी को प्रेमी के साथ जाने दिया.
ADVERTISEMENT









