मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ पाएगा… ये बात बोलने वाला स्वतंत्र भारद्वाज जब बुलंदशहर में पकड़ा गया तब ऐसा था नजारा

मुकुल शर्मा

• 10:29 AM • 05 Sep 2026

दिल्ली के जंतर-मंतर पर 23 जून को एक 14 साल नाबालिग लड़की के पिता के साथ मारपीट के मामले में आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज को हिरासत में लिया गया है. दिल्ली पुलिस ने उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से उसे पकड़ा.

Swatantra Bhardwaj News

Swatantra Bhardwaj News

Google CTA

Swatantra Bhardwaj News: दिल्ली के जंतर-मंतर पर 23 जून को एक 14 साल नाबालिग लड़की के पिता के साथ मारपीट के मामले में आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज को हिरासत में लिया गया है. दिल्ली पुलिस ने उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से उसे पकड़ा. यह कार्रवाई उस समय हुई जब एक वायरल पॉडकास्ट क्लिप में स्वतंत्र भारद्वाज पर छात्रा के पिता के साथ मारपीट करने की बात कथित तौर पर कबूल करने का आरोप लगा. जानकारी के मुताबिक बुलंदशहर के चोला थाना क्षेत्र के धमेड़ा नारा गांव से स्वतंत्र भारद्वाज समेत करीब दो युवकों को हिरासत में लिया गया है. उसके साथ पवन नाम के युवक को भी पुलिस अपने साथ ले गई. पुलिस जब उसे पकड़ रही थी तब वहां काफी संख्या में लोग दिखे और आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज पुलिस के साथ धक्का-मुक्की करते नजर आया.

यह भी पढ़ें...

पॉडकास्ट क्लिप के बाद हुआ एक्शन

मामले में स्वतंत्र भारद्वाज का एक कथित पॉडकास्ट क्लिप सामने आया था, जिसमें वह नाबालिग के पिता पर हमला करने की बात करता हुआ नजर आया. वायरल क्लिप में वह कथित तौर पर यह भी कहता है कि उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता और उसके बड़े भाई के तौर पर बड़े-बड़े नेताओं का नाम लेता है. क्लिप में कही गई बातों के मुताबिक वह यह दावा करता सुनाई देता है कि सिर फोड़ने के बावजूद वह आराम से घूमता रहा और उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई.

कथित बयान में स्वतंत्र भारद्वाज ने कहा, “हम यह खुद कह रहे हैं, डंके की चोट पर कह रहे हैं, मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ पाएगा.' वहीं एक अन्य हिस्से में वह कथित तौर पर कहता है, 'जेल जाएंगे फिर आएंगे, फिर कुछ बोलेगा, फिर इलाज हो जाएगा.' वायरल क्लिप में वह घटना के बाद अपने बेखौफ रहने का दावा भी करता नजर आता है.

दिल्ली पुलिस बुलंदशहर पहुंची

मिली जानकारी के अनुसार, स्वतंत्र भारद्वाज को बुलंदशहर के चोला थाना क्षेत्र के धमेड़ा नारा गांव से हिरासत में लिया गया. उसके साथ पवन नाम के युवक को भी दिल्ली पुलिस अपने साथ ले गई. बताया गया है कि दिल्ली पुलिस की टीम बुलंदशहर पहुंची थी और वहां से स्वतंत्र भारद्वाज समेत करीब दो अन्य युवकों को हिरासत में लिया गया.

हालांकि, इस कार्रवाई को लेकर बुलंदशहर पुलिस की ओर से अलग जानकारी सामने आई है. बुलंदशहर पुलिस का दावा है कि स्थानीय थाने में दिल्ली पुलिस की ओर से कोई आमद दर्ज नहीं कराई गई थी. ऐसे में हिरासत की कार्रवाई को लेकर स्थानीय स्तर पर पुलिस रिकॉर्ड की स्थिति भी सामने आई है.

SC-ST एक्ट की धाराएं जोड़ी गईं

पुलिस ने नाबालिग के पिता की शिकायत के आधार पर दर्ज पुरानी एफआईआर में एससी-एसटी एक्ट की धाराएं भी जोड़ दी हैं. इसके अलावा नाबालिग की ओर से ऑनलाइन धमकियां मिलने की शिकायत भी दी गई थी. इस शिकायत में स्वतंत्र भारद्वाज का नाम भी शामिल बताया गया है.

शिकायत के आधार पर पुलिस ने क्रिमिनल इंटिमिडेशन और पॉक्सो एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की है. अब जांच के दौरान पुलिस यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि नाबालिग को सोशल मीडिया और ऑनलाइन माध्यमों से किन लोगों ने धमकी दी और धमकियों का स्वरूप क्या था. जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

जंतर-मंतर पर शुरू हुआ था विवाद

पूरा मामला 23 जून 2026 का है. उस दिन जंतर-मंतर पर प्रदर्शन चल रहा था. शिकायतकर्ता अपनी 14 साल की बेटी के साथ प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे थे. आरोप के मुताबिक शाम के समय वीडियो रिकॉर्ड करने को लेकर एक युवक से विवाद शुरू हुआ. इसी दौरान नाबालिग के पिता के साथ मारपीट की गई.
आरोप है कि इस घटना के बाद स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई और वह खुलेआम घूमता रहा. वायरल पॉडकास्ट क्लिप में भी वह कथित तौर पर इसी बात का जिक्र करता नजर आया. अब बुलंदशहर से हिरासत में लिए जाने के बाद इस मामले में पुलिस की कार्रवाई आगे बढ़ी है.