UP News: इटावा के थाना इकदिल क्षेत्र के एक गांव में बीते 20 फरवरी के दिन डीएफसी रेलवे ट्रैक पर बोरे में एक शव को बरामद किया गया था. जब पुलिस ने शव की पहचान की तो वह मनीष यादव का निकला. मनीष के लापता होने की सूचना उसके परिजनों ने पुलिस को दी थी. वह 18 फरवरी से गायब था. मगर अब उसका शव पुलिस को मिला था. साफ था कि उसकी हत्या की गई थी और शव को बोरे में बंद कर दिया गया था. अब इस केस का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है.
ADVERTISEMENT
मनीष का प्यार बना उसकी हत्या की वजह
मनीष सिविल सर्विसेज एग्जाम की तैयारी कर रहा था. वहां उसकी मुलाकात एक युवती से हुई थी. युवती का यूपी पुलिस सिपाही भर्ती में नाम सामने आ गया था. युवती फिलहाल रामपुर में ट्रेनिंग ले रही है. मगर दोनों के बीच रिश्ता बना हुआ था. मगर युवती का ये रिश्ता उसके भाई को मंजूर नहीं था. युवती का भाई सीआरपीएफ में तैनात था. बता दें कि प्रेमिका के सीआरपीएफ जवान भाई ने ही अपने साथियों के साथ मिलकर मनीष यादव की हत्या कर डाली थी.
कौन है आरोपी?
आरोपी का नाम अभिषेक यादव है. वह केशवपुर कला थाना इकदिल का रहने वाला है. पुलिस जांच में सामने आया है कि अभिषेक यादव ने अपनी बहन को मनीष यादव के साथ बात करते हुए देख लिया था. पहले भी वह मनीष और अपनी बहन को साथ में देख चुका था. तभी से वह बहन के प्रेमी की हत्या की साजिश रच रहा था.
इस हत्याकांड को अंजाम देने के लिए उसने अपने दोस्त विपिन यादव और दीपक को साथ लिया. योजना के तहत मनीष को कार में लिफ्ट देने के बहाने बैठाया. फिर गाड़ी को सुनसान इलाके में ले गए और वहां मनीष की हत्या कर दी. फिर शव को बोरी में बंद करके, उसे रेलवे ट्रैक पर डाल दिया. इसके बाद तीनों फरार हो गए.
एसपी ने ये बताया
एसपी बृजेश श्रीवास्तव ने बताया, हत्याकांड की जांच के लिए 3 टीमों का गठन किया गया था. आरोपी दीपक को गिरफ्तार कर लिया गया है. 2 फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है. गिरफ्तार आरोपी ने साजिश का खुलासा कर दिया है.
ADVERTISEMENT










