कहते हैं प्यार अंधा होता है. लेकिन जब वही प्यार हवस, बेवफाई और लालच के दलदल में गिर जाए तो रिश्तों का कत्ल कर देता है. उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से एक ऐसी ही रोंगटे खड़े कर देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है जिसने पवित्र रिश्तों को तार-तार कर दिया है. यहां एक पत्नी काजल ने अपने ही सगे देवर उमेश के साथ मिलकर अवैध संबंधों की राह में रोड़ा बन रहे बेकसूर पति सुमित को बड़ी ही बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया.
ADVERTISEMENT
इतना ही नहीं आरोपी पत्नी और देवर ने मिलकर इस हत्या को आत्महत्या साबित करने की भी कोशिश की. लेकिन कानून के लंबे हाथों से ये कातिल जोड़ी बच नहीं सकी और एक पोस्टमार्टम रिपोर्ट और कॉल रिकॉर्डिंग ने इस खूनी साजिश का सच बेनकाब कर दिया.
पुलिस को सुनाई गई सुसाइड वाली झूठी कहानी
मामला बुलंदशहर के कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव खेतलपुर भैंसौली का है. 31 अगस्त को पुलिस की डायल 112 को सूचना मिलती है कि सुमित नाम के एक युवक ने अपने ही घर में जान दे दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने सुमित की बॉडी को देखा तो पहली ही नजर में कुछ अजीब सा लगा. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था. लेकिन सुमित की पत्नी काजल और उसके सगे भाई उमेश की आंखों में छिपा सन्नाटा पुलिस की नजरों से बच न सका.
एक पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोला परफेक्ट मर्डर का राज
शातिर कातिलों ने सुमित का गला दबाने के बाद इसे सुसाइड का रूप देने की कोशिश की. पुलिस ने शक के आधार पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. जब रिपोर्ट आई तो पुलिस के भी होश उड़ गए. रिपोर्ट में मौत की वजह फांसी नहीं बल्कि स्ट्रैंगुलेशन यानी गला घोंटकर की गई हत्या आई. बस फिर क्या था पुलिस समझ गई कि यह खुदकुशी नहीं बल्कि सोची-समझी साजिश के तहत किया गया कोल्ड ब्लडेड मर्डर है.
जायदाद हड़पने की की लालच में हुआ मर्डर
पुलिस की तफ्तीश जैसे-जैसे आगे बढ़ी, परत-दर-परत एक गंदी और खौफनाक कहानी सामने आती गई. करीब 3 साल पहले सुमित की शादी काजल से हुई थी और दोनों का 2 साल का एक मासूम बच्चा भी है. लेकिन शादी के कुछ समय बाद ही काजल और उसके सगे देवर उमेश के बीच अवैध संबंध बन गए.
दोनों के सिर पर इश्क और हवस का भूत इस कदर सवार था कि वे किसी भी कीमत पर एक-दूसरे को खोना नहीं चाहते थे. इसके साथ ही उनकी गंदी नजर सुमित के नाम मौजूद पुश्तैनी मकान और खेती की जमीन (जायदाद) पर भी टिक गई थी. दोनों ने सोचा कि अगर सुमित रास्ते से हट जाए तो दोनों हमेशा के लिए एक हो जाएंगे और पूरी प्रॉपर्टी पर भी उनका एकछत्र राज हो जाएगा.
पुलिस पूछताछ में टूटा देवर-भाभी का गुरूर
31 अगस्त को जब घर पर कोई नहीं था तब काजल और उमेश ने मौका पाकर सुमित को दबोच लिया और बेरहमी से उसका गला घोंट दिया. मामले के खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमें बनाई गईं. पुलिस ने जब संदिग्धों के अलग-अलग बयान दर्ज किए तो दोनों की बातों में विरोधाभास दिखा. इसी बीच पुलिस के हाथ कुछ कॉल रिकॉर्डिंग्स भी लगीं जिसने पुलिस के शक पर पक्की मुहर लगा दी. जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो देवर और भाभी का सारा गुरूर टूट गया और उन्होंने अपना गुनाह कबूल कर लिया.
पुलिस ने क्या बताया
अधिकारियों के मुताबिक, मृतक सुमित के पिता की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है. हत्यारिन पत्नी काजल और साजिशकर्ता देवर उमेश को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है. रिश्तों का कत्ल करने वाली इस खूनी जोड़ी की करतूत से पूरा इलाका सन्न है.
ADVERTISEMENT











