UP News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक लोको पायलट को छुट्टी लेनी थी. उसे परेशानी भी ऐसी थी कि बिना छुट्टी के उसका काम भी नहीं चलता. मगर वरिष्ठ अधिकारियों ने छुट्टी नहीं दी. इसके बाद लोको पायलट ने सिक लीव यानी बीमार अवकाश लेने के लिए अपने सर्जरी के घाव ही वरिष्ठ अधिकारियों को दिखा दिए.
ADVERTISEMENT
दरअसल लोको पायलट को पाइल्स की समस्या थी. उसकी सर्जरी भी हुई थी. इसी वजह से उसे छुट्टी लेनी थी. मगर जब अधिकारियों ने उसे छुट्टी नहीं दी तो उसने अपनी पैंट ही उतार दी और अपने ऑपरेशन के घाव अधिकारियों को दिखा दिए. इस मामले का वीडियो अब रेलवे कर्मचारियों में वायरल हो रहा है, जिसको लेकर कर्मचारी संगठन भी गुस्से में हैं.
पूरा मामला जानिए
हमारे सहयोगी आज तक की खबर के मुताबिक, ऑल इंडिया लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन के नेताओं ने न्यूज एजेंसी को बताया, लोको पायलट की 22 फरवरी के दिन पाइल्स की सर्जरी हुई थी. वह 22 फरवरी से लेकर 28 फरवरी तक छुट्टी पर रहे. मगर उनके जख्म पूरी तरह से ठीक नहीं हो पाए. ऐसे में उन्होंने नियम प्रक्रिया का पालन करते हुए हेल्थ यूनिट से छुट्टी बढ़ाने के लिए मांग की. डॉक्टरों ने भी जांच के बाद छुट्टी की जरूरत मानी.
यूनियन का कहना है कि लोको पायलट ने अधिकारियों को मेडिकल रिपोर्ट, लैब रिपोर्ट और ड्रेसिंग भी दिखाई. मगर फिर भी उन्हें छुट्टी नहीं दी गई. आखिर में मजबूर होकर उन्होंने अपने कपड़े उतारे और अपने जख्म भी दिखा दिए. फिर मामले में यूनियन एक्टिव हुई और उन्हें छुट्टी मिली.
यूनियन ने की कार्रवाई की मांग
बता दें कि अब इस मामले में यूनियन एक्टिव हो गई है. ऑल इंडिया लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन के महा सचिव के सी जेम्स ने बताया, छुट्टी के लिए इस हद तक जाना पड़ा है. ये शर्मनाक है. अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए. फिलहाल इस मामले को लेकर लखनऊ मंडल डिवीजनल रेलवे मैनेजर ने कोई रिएक्शन नहीं दिया है. मगर रेलवे कर्मचारियों में घटना को लेकर गुस्सा है.
ADVERTISEMENT









